वोरा की जगह लेंगे कनिष्क सिंह!


Untitled-1नई दिल्ली |   कांग्रेस में गांधी परिवार के सबसे भरोसेमंद नेता और पार्टी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा की जगह क्या कनिष्क सिंह को मिलेगी? कांग्रेस में इन दिनों इसकी अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि कनिष्क सिंह इन दिनों राहुल गांधी से अलग हैं और प्रियंका गांधी के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन राहुल की नई टीम आने के बाद उनको कोषाध्यक्ष बनाने और कांग्रेस की सारी संपत्तियों की देखभाल करने वाले ट्रस्ट में अहम जगह देने की चर्चा हो रही है। जानकार सूत्रों का कहना है कि उससे पहले कनिष्क सिंह का प्रशिक्षण चल रहा है।

पिछले दिनों मोतीलाल वोरा पटना गए थे तो उनके साथ प्रभारी महासचिव सीपी जोशी के अलावा कनिष्क सिंह भी थे। पटना में कांग्रेस की की कुछ संपत्ति विवादों में है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय के पीछे कांग्रेस की जमीन है, जिस पर कुछ लोगों का अवैध कब्जा है। इसे खाली कराने की कोशिश मोतीलाल वोरा काफी समय से कर रहे हैं। इसी सिलसिले में वे पटना गए थे। ऐसे में उनके साथ कनिष्क का जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कांग्रेस के जानकार सूत्रों का कहना है कि प्रियंका गांधी को कांग्रेस के ज्यादातर ट्रस्टों में शामिल कर दिया गया है। इंदिरा और राजीव गांधी के नाम पर जितने भी ट्रस्ट या फाउंडेशन बने हैं, उसमें वे सक्रिय हैं। कनिष्क सिंह इस काम में भी उनकी मदद कर रहे हैं। इसलिए कहा जा रहा है कि सीधे अगर प्रियंका सबकी कमान नहीं संभालती हैं तो कनिष्क के जरिए वे कामकाज करेंगी। इससे लग रहा है कि कनिष्क पर अभी परिवार का भरोसा कायम है।


Scroll To Top
Translate »