परीक्षा केन्द्रों पर पूर्णतः सुरक्षा प्रदान करना पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी: पुलिस महानिदेशक
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने समस्त मण्डलायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस उपमहानिरीक्षकों, जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिये हैं कि आगामी 13 सितम्बर को लेखपाल भर्ती 2015 परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु अपने स्तर पर पूरी व्यवस्थायें सुनिश्चित करा लें। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करा लें कि परीक्षार्थियों को परीक्षा देने में किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाये। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर समस्त आवश्यक आधारभूत सुविधायें-बिजली, पेयजल, फर्नीचर, शौचालय आदि की सुविधायें प्रत्येक दशा में सुनिश्चित हों। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों में तैनात सुरक्षा कर्मियों को परीक्षा प्रारम्भ होने के 02 घंटे पूर्व अपनी ड्यूटी पर अवश्य पहुंचना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि परीक्षा केन्द्रों के नजदीक अवांछनीय तत्व कतई नहीं रुकने पायें।मुख्य सचिव आज योजना भवन में वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से लेखपाल भर्ती 2015 के सफल संपादन हेतु आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि लेखपाल परीक्षा में लगभग 27 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा हेतु सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में 2198 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से 06 जनपद ऐसे हैं, जहां 01 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त 09 जनपदों-आजमगढ़, जौनपुर, मेरठ, गाज़ीपुर, बलिया, बरेली, मुरादाबाद, गाजि़याबाद व अलीगढ़ में 50 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद इलाहाबाद में 1,98,911, लखनऊ में 1,66,357, वाराणसी में 1,56,610, गोरखपुर में 1,14,203, कानपुर में 1,10,965 तथा आगरा में 1,02,471 अभ्यर्थी लेखपाल पद की परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।
श्री रंजन ने कहा कि लेखपाल भर्ती परीक्षा में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परिचय पत्र निर्गत करते हुये उनको विधिवत प्रशिक्षण दिलाया जाये तथा उनसे नो रिलेशन सर्टिफिकेट भी भराया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि चयनित वाह्य एजेन्सी द्वारा परीक्षा से पूर्व केन्द्रों पर परीक्षा किट पहुंचाने के पश्चात परीक्षा केन्द्रों पर उनका सत्यापन/मिलान अवश्य करा लिया जाये। उन्होंने कहा कि चयनित वाह्य एजेन्सी द्वारा परीक्षा से सम्बन्धित प्रश्न/उत्तर पुस्तिकाओं को जनपद मुख्यालय पर पहुंचाये जाने पर उनको जनपद के कोषागार के डबल लाक में व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखवाना जिलाधिकारियों की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन पर्याप्त समय पूर्व कोषागार के डबल लाक से प्रश्न/उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचाना होगा।
अध्यक्ष राजस्व परिषद श्री अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि राजस्व परिषद द्वारा वाह्य एजेन्सी का चयन करते हुये जनपद के जिलाधिकारियों को निर्धारित कर्तव्यों की पूर्ण जानकारी देते हुये अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में चयन समिति का गठन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि लेखपाल भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, निर्विघ्न, शुचितापूर्ण, सकुशल ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदेश के समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराये जा चुके हैं, जिनका कड़ाई से पालन किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि लगभग 12,600 रिक्त लेखपाल पदों के विरुद्ध तीन गुना लगभग 41 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में उत्तीर्ण किये जायेंगे। उत्तीर्ण परीक्षार्थियों का जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा साक्षात्कार लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार बोर्ड के सदस्यों को सफल अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा के अंक नहीं बताये जायेंगे। उन्होंने कहा कि लिखित परीक्षा एवं मौखिक परीक्षा को जोड़कर सफल अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जायेगी।
पुलिस महानिदेशक श्री जगमोहन यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि परीक्षा केन्द्रों पर पूर्णतः सुरक्षा प्रदान करना उनका जिम्मेदारी होगी और उन्हें यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराना होगा कि अवांछनीय व अनाधिकृत तत्व परीक्षा भवन में घुसने न पाये। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिये फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था सुनिश्चित करा ली जाये। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रारम्भ होने से पूर्व परीक्षार्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुये सार्वजनिक यातायात, ट्रैफिक प्लान को सुदृढ़ रखा जाना पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
वीडियो कान्फ्रेन्सिंग में प्रमुख सचिव राजस्व श्री सुरेश चन्द्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
