धर्मशाला: जेपी डुमिनी के नाबाद तूफानी अर्धशतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने आज यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रोहित शर्मा के पहले शतक पर पानी फेरते हुए भारत को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत के 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने अफ्रीका ने डुमिनी नाबाद 68 और फरहान बेहरदीन नाबाद 32 के बीच चौथे विकेट की 9.1 आेवर में 105 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत दो गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 200 रन बनाकर जीत दर्ज की।
एबी डिविलियर्स 51 और हाशिम अमला 36 ने भी उम्दा पारियां खेली। डुमिनी ने 34 गेंद का सामना करते हुए एक चौका और सात छक्के जड़े। इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक जडऩे वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा 106 के पहले शतक और विराट कोहली 43 के साथ उनकी दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 12.2 आेवर में 138 रन की रिकार्ड साझेदारी से भारत ने पांच विकेट पर 199 रन बनाए।
रोहित ने 66 गेंद में 12 चौकों और पांच छक्कों की मदद से भारत की आेर से सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत पारी खेली। भारत के खिलाफ नौ मैचों में यह दक्षिण अफ्रीका की तीसरी जीत है। श्रृंखला का दूसरा मैच अब पांच अक्तूबर को कटक में खेला जाएगा। रोहित और कोहली की यह साझेदारी भारत की आेर से किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी भी है। इससे पहले का रिकार्ड वीरंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के नाम था जिन्होंने 19 सितंबर 2007 को इंग्लैंड के खिलाफ डरबन में पहले विकेट के लिए 136 रन जोड़े थे। रोहित भारत के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में शतक जड़ा है। इससे पहले यह उपलब्धि सिर्फ सुरेश रैना के नाम दर्ज की। वह यह कारनामा करने वाले दुनिया के 13वें बल्लेबाज हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
