महत्वपूर्ण परियेाजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु
गठित उच्च स्तरीय प्रोजेक्ट मानिटरिंग ग्रुप की बैठक सम्पन्न
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने निर्देश दिए हैं कि लखनऊ कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य वर्तमान माह अक्टूबर में प्रारम्भ हो जाने के फलस्वरूप राजकीय निर्माण निगम को निर्धारित लक्ष्य एवं मानक के अनुुसार गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण कराना होगा। उन्होंने कहा कि जय प्रकाश नारायण कन्वेंशन सेन्टर के कार्यों में और अधिक तेजी लाते हुए- गेस्ट हाउस ब्लाक, कन्वेंशन ब्लाक, एक्वाटिक ब्लाक, पार्किंग ब्लाक, म्यूजियम ब्लाक एवं वाह्य विकास कार्यों सहित सम्पूर्ण कार्यों को आगामी अक्टूबर, 2016 तक गुुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाये।उन्होंने कहा कि नगरीय रोजगार विभाग द्वारा बैट्री पावर मोटराइज्ड रिक्शा योजना के वितरण की समय-सारिणी को बनाकर लगभग 18 हजार ई-बैट्री रिक्शा को अलग-अलग जनपदो में आगामी अप्रैल, 2016 तक पात्र लाभार्थियों को प्रत्येक दशा में पारदर्शिता के साथ वितरित कराना होगा। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क के संचालन और रख-रखाव हेतु कारपस फण्ड बनाने की कार्यवाही प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाये तथा फूड कोर्ट हेतु डिजाइन को शीघ्र अन्तिम रूप दिया जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पार्क के दर्शनार्थियों के खान-पान हेतु कम से कम पराग तथा फिश कारपोरेशन द्वारा गुणवत्तायुक्त ब्रेकफास्ट उचित दर पर उपलब्ध कराने हेतु किसी एक निश्चित स्थान पर मोबाइल वैन की अनुमति प्रदान की जाये।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में मुख्यमंत्री द्वारा अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं की येाजनाओं के अनुश्रवण हेतु गठित उच्च स्तरीय प्रोजेक्ट मानिटरिंग गु्रप बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन जनोपयोगी परियोजनाओं को आगामी वर्ष 2016 के अन्त तक प्रत्येक दशा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराकर आम नागरिकों को लाभान्वित कराना है। उन्होंने आज आयोजित बैठक में जनेश्वर मिश्र पार्क, ईनर रिंग रोड आगरा, जय प्रकाश नारायण कन्वेंशन सेन्टर, सी0जी0 सिटी परियोजना, पुराने लखनऊ के विकास कार्यों, अवध शिल्प ग्राम के अन्तर्गत लखनऊ हाट येाजना, बैट्री पावर रिक्शा येाजना की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ईनर-रिंग रोड आगरा का निर्माण कार्य आगामी सितम्बर, 2016 तक पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसमें यमुना नदी के ऊपर ब्रिज और रेलवे सेतुओं को भी निर्धारित अवधि में बनाया जाना है। उन्होंने कहा कि सी0जी0 सिटी परियोजना में विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग योजनाएं चलाई जा रही हैं। एच0सी0एल0 के माध्यम से बनाई जा रही आई0टी0 सिटी को आगामी अक्टूबर, 2016 तक क्रियान्वित कराकर कम से कम 01 हजार लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सी0जी0 सिटी में अमूल द्वारा दूध प्लान्ट का कार्य प्रारम्भ कराया जा चुका है जिसमें अक्टूबर, 2016 तक व्यावसायिक कार्य प्रारम्भ कराकर किसानों को लाभान्वित कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि मा0 मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक में सी0जी0 सिटी में स्थापित होने वाले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक अकादमी की स्वीकृति मिल जाने के उपरान्त राजकीय निर्माण निगम को कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराना होगा। उन्होंने बताया कि सी0जी0 सिटी में संस्कृत स्कूल का निर्माण कार्य भी प्रारम्भ हो गया है जिसे निर्धारित अवधि में निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराकर आगामी शैक्षिक सत्र माह अप्रैल से कक्षाएं प्रारम्भ करानी होंगी।
श्री रंजन ने उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि सी0जी0 सिटी परियोजना के अन्तर्गत फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, जल वाहिनी, ग्रीन कनेक्टर, एस0टी0पी0, ओवरहेड टैंक, वाह्य विद्युतीकरण के कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करायें। उन्होंने पुराने लखनऊ में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग मंत्रिपरिषद द्वारा 37 करोड़ रूपये की विकास कार्यों को कराने हेतु स्वीकृति प्राप्त हो जाने के फलस्वरूप तत्काल मौके पर कार्यों को प्रारम्भ करायें। उन्होंने लखनऊ में स्थित हुसैनाबाद क्षेत्र के समेकित नियोजन के दृष्टिगत परियोजना की स्वीकृति शासन से कराने एवं परियोजना के कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अवध शिल्प ग्र्राम के अन्तर्गत अवध हाट योजना के कार्येां को- फूड कोर्ट, क्राफ्ट कोर्ट, डारमेटरी, क्राफ्ट शाॅप, ए0सी0 क्राफ्ट शाॅप, प्रशासनिक भवन एवं प्रदर्शनी हाल सहित समस्त कार्येां को आगामी अप्रैल, 2016 तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने बैट्री पावर मोटराइज्ड रिक्शा योजना के वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि वर्तमान माह अक्टूबर, 2015 से जनवरी, 2016 तक कम से कम 08 जनपदों में पात्र 3410 लाभार्थियोें को बैट्री पावर मोटराइज्ड रिक्शा का वितरण अवश्य करा दिया जाये। उन्होंने कहा कि वर्तमान माह अक्टूबर में लखनऊ जनपद के 412 लाभार्थियों, नवम्बर, माह में रामपुर जनपद के 594 पात्र लाभार्थियों, माह दिसम्बर में जनपद एटा के 195, जनपद इटावा 88, जनपद मैनपुरी 92, जनपद बदायूं 561, जनपद कन्नौज के 72 पात्र लाभार्थियों तथा आगामी जनवरी, 2016 माह में जनपद सहारनपुर 1396 लाभार्थियों को रिक्शा का वितरण अवश्य करा दिया जाये। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार अवशेष जनपदों के कुल पात्र 14,572 लाभार्थियों को आगामी माहों में अप्रैल, 2016 तक बैट्री पावर मोटराइज्ड रिक्शा का वितरण अवश्य करा दिया जाये।
बैठक में प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास श्री महेश कुमार गुप्ता, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्री अरविन्द कुमार, सचिव आवास श्री पंधारी यादव, सचिव मुख्यमंत्री श्री पार्थ सारथी सेन शर्मा, सचिव वित्त श्री मुकेश मित्तल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
