पत्रकारों से बदसलूकी करने के आरोप में पुलिस ने क्रिकेटर हरभजन सिंह के चार बांउसरों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन्होंने हरभजन और अभिनेत्री गीता बसरा की गुरुवार को हुई शादी के दौरान पत्रकारों से धक्का-मुक्की की थी और उनके कैमरे छीन लिए थे। पुलिस ने बताया कि चारों बाउंसरों को शुक्रवार को मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कमिश्नरेट पुलिस के डीविजन-7 के थाना प्रभारी नवदीप सिंह ने बताया, पुलिस ने पीडि़त पत्रकारों की शिनाख्त के आधार पर गुरुवार देर रात इन बांउसरों की गिरफ्तारी की। उनकी पहचान बबलू, रवि, कुलदीप और नवजोत के रूप में की गई। चारों को शुक्रवार दोपहर बाद स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सिंह ने बताया, हम अदालत से आग्रह करेंगे कि पूछताछ के लिए चारों को पुलिस हिरासत में भेजा जाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना का मुख्य कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस वहां मौजूद कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखेगी।
पीडि़त पत्रकार पुलिस के रवैये से नाखुश
पत्रकारों ने पुलिस के रवैये पर नाखुशी जताई है। उनका आरोप है कि पुलिस ने अदालत में बाउंसरों की रिमांड नहीं मांगी, क्योंकि अगर उनसे पूछताछ की जाती तो यह भी पता चल सकता था कि बांउसर कंपनी वैध है अथवा अवैध।
भज्जी मांग चुके हैं माफी
घटना के बाद नाराज पत्रकारों ने गुरुवार रात को हरभजन के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसकी जानकारी होने पर खुद हरभजन पीडि़त पत्रकारों से मिले और उनसे बातचीत की। भज्जी ने इस घटना के लिए माफी भी मांगी।
https://rashtriyadinmaan.com
