लखनऊ में सपा पार्षद अतुल यादव उर्फ बंटू को गोली मारी गयी


 

 

atul

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खराब कानून-व्यवस्था की बानगी आज सूबे की राजधानी लखनऊ में देखने को मिली। डीजीपी आफिस से चंद कदम की दूरी पर रामतीर्थ वार्ड से सभासद अतुल यादव उर्फ बंटू को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। नरही निवासी बंटू यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल से ट्रामा सेंटर रेफर किया है, जहां पर बंटू यादव की हालत गंभीर बनी है।

नगर निगम में रामतीर्थ वार्ड के पार्षद अतुल यादव उर्फ बंटू को सिर में गोली लगी है। पहले उनको सिविल अस्पताल ले जाया गया, इसके बाद हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। बंटू यादव अपने घर के पास श्याम चौराहा के पास अनिल यादव की माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। इसी भीड़ में बदमाश भी थे। इन लोगों ने मौका पाकर बंटू यादव पर फायर झोंक दिया। एक गोली बंटू यादव के सिर पर लगी और वह वहीं पर गिर पड़े। इसके बाद बंटू को सिविल अस्पताल ले जाया गया। गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गये।

ट्रामा सेंटर के बाहर बंटू यादव के समर्थकों की भीड़ लगी है। किसी भी अनहोनी की आशंका पर ट्रामा सेंटर की सुरक्षा को रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के हवाले कर दिया गया है। इसी बीच मेयर डॉ. दिनेश शर्मा तथा सपा के विधायक शारदा प्रताप शुक्ला भी ट्रामा सेंटर पहुंचे। लखनऊ के लगभग सभी सभासद वहां पर मौजूद है। ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों की टीम मौत से संघर्ष कर रहे बंटू यादव की चिकित्सा में लगी है।

हजरतगंज के नरही के सेठ रामजस रोड निवासी बंटू यादव लखनऊ नगर निगम में रामतीर्थ वार्ड का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी पत्नी भी इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। नरही निवासी अतुल यादव उर्फ बंटू समाजवादी पार्टी से लंबे समय से जुड़े हैं। बंटू यादव का सभासद के रूप में यह दूसरा कार्यकाल है। बंटू यादव की गिनती सपा के सक्रिय पार्षदों में होती है। उधर नरही के आसपास कुछ लोगों से बंटू की अनबन चलने की बात सामने आई है।


Scroll To Top
Translate »