यूपी सीडा ई- नीलामी में , 12 भूखंड हुए आवंटित ,नीलामी में इस बार 103 प्रतिशत की ग्रोथ


प्राधिकरण ने 87 भूखंड औद्योगिक , ग्रुप हाउसिंग के तीन, नर्सिंग होम की स्थापना के लिए एक और आठ भूखंड वेयर हाउस की स्थापना के लिए नीलाम करने के लिए आवेदन मांगे थे

लखनऊ । उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण प्रबंधन ने औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश कराने के लिए तेजी से प्रयास किए हैं। इसी कड़ी में प्रबंधन ने फतेहपुर, मथुरा, बरेली, शाहजहाँपुर आदि जिलों में औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश के लिए 12 भूखंडों का आवंटन किया है। ये भूखंड ई- नीलामी के जरिए आवंटित किए गए हैं। आवंटित भूखंडों में एक कॉमर्शियल और 11 औद्योगिक हैं। खास बात यह रही कि पूर्व में हुई भूखंडों की नीलामी की अपेक्षा इस बार 103 प्रतिशत की ग्रोथ रही है।

प्राधिकरण ने 87 भूखंड औद्योगिक , ग्रुप हाउसिंग के तीन, नर्सिंग होम की स्थापना के लिए एक और आठ भूखंड वेयर हाउस की स्थापना के लिए नीलाम करने के लिए आवेदन मांगे थे। प्रयागराज की सरस्वती सिटी, उन्नाव की ट्रांसगंगा सिटी, बरेली के बहेड़ी, फतेहपुर के मलवा, बाराबंकी के कुर्सी रोड में वेयरहाउस की स्थापना के लिए आवेदन मांगे गए थे। फिलहाल 12 भूखंड आवंटित हो गए हैं। निर्धारित दर से अधिक दर पर भूखंडों का आवंटन हुआ है।

फतेहपुर के मलवा में व्यावसायिक भूखंड का आवंटन आईजीएल के पक्ष में किया गया है। सर्वाधिक बोली इसी कंपनी ने लगाई थी। अब सितंबर के पहले हफ्ते में पुन: भूखंडों का आवंटन ई-नीलामी के माध्यम से होगा। इसके लिए आवेदन माँगे गए हैं।

प्राधिकरण के सीईओ मयूर माहेश्वरी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ाई जा रही सुविधाओं का ही परिणाम है कि लोग निवेश के लिए आगे आ रहे हैं।


Scroll To Top
Translate »