सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करना अपराध की श्रेणी में: सेना प्रमुख


2017_1image_19_40_15461656705-ll

नई दिल्ली : रक्षा मंत्रालय सेना में सहायक व्यवस्था और जवानों को दिए जाने वाले भोजन से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए एक समुचित प्रणाली पर काम कर रहा है। सेना में सहायक व्यवस्था और सुरक्षा बलों में जवानों के भोजन संबंधी वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मचे बवाल के बीच रक्षा मंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों ने कहा कि इस मामले का संज्ञान लिया गया है।

उन्होंने कहा कि सेना बहुत बडी संस्था है और इसमें हजारों यूनिट हैं। इस तरह के संकेत मिले हैं कि खाने की गुणवत्ता को लेकर इतनी समस्या नहीं है बल्कि ज्यादा समस्या खाना पकाने से जुड़ी है। इन सब मामलों पर ध्यान देने के लिए एक व्यवस्था बनाई जा रही है। सेना में सहायक व्यवस्था के बारे में उन्होंने कहा कि जवानों की बहुत बड़ी संया है और यदि इस तरह की समस्याएं हैं तो उनके बारे में विचार किया जाएगा। सेना के लांस नायक यज्ञ प्रताप ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके सेना में सहायक व्यवस्था से परेशानी की व्यथा सार्वजनिक की थी।
सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने जवानों से कहा है कि उनकी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए निर्धारित प्रक्रिया है और वे सोशल मीडिया के बजाय निर्धारित तरीके से अपनी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों को बताएं और यदि इनका समाधान नहीं होता तो वे सीधे उनके पास अपनी शिकायत भेज सकते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो डालने के मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि यह अपराध की श्रेणी में आ सकता है और ऐसा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।


Scroll To Top
Translate »