
बेंगलुरू. कर्नाटक के राजा राजेश्वरी विधानसभा क्षेत्र में एक फ्लैट से हजारों की संख्या में फर्जी मतदाता पहचान पत्र मिलने के बाद भाजपा ने आज यहां चुनाव रद्द किये जाने की मांग की. केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधायक मुनीरत्न नायडू इस कथित गिरोह के पीछे हैं, जिसका पर्दाफाश भाजपा कार्यकर्ता राकेश ने किया है. जावड़ेकर ने कहा कि पुलिस ने कल होलोग्राम के साथ हजारों की संख्या में फर्जी मतदाता पहचान पत्र, लेमिनेशन मशीन और कंप्यूटर जब्त किया. उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘यह कांग्रेस का फलसफा है… अगर मतदाता आपके लिये वोट नहीं देते हैं तो फर्जी मतदाता बनाइए.’ जावड़ेकर ने साइबर सिक्योरिटी एजेंसी से इस मामले की व्यापक जांच कराने की मांग की.
इस घटना को लोकतंत्र का विनाश करार देते हुये उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राज्य के बाहर के मतदाताओं को यहां का निवासी दिखाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने इस मामले में कथित संलिप्तता के लिये फ्लैट की मालिक मंजुला को तत्काल गिरफ्तार किये जाने की मांग की. वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आनंद शर्मा ने हालांकि इस घटना को दिखावा करार दिया. उन्होंने दावा किया कि मंजुला बीजेपी के साथ जुड़ी हैं और उनके बेटे राकेश ने बीजेपी के टिकट पर नगर निगम का चुनाव लड़ा था. शर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग को निश्चित रूप से कार्रवाई करनी चाहिए और पुलिस में मामला दर्ज होना चाहिए. बीजेपी यह सब हथकंडे अपना रही है क्योंकि हार उसे सामने दिख रही है.
https://rashtriyadinmaan.com
