मुंबई में 5 मंजिला इमारत गिरी 16 की मौत, 7 गंभीर


164600-mumbai-building

नई दिल्लीः मुंबई के डोंगरी इलाके में जेजे फ्लाइओवर के पास 5 मंजिला इमारत गिर गई है. इस घटना में चार और लोगों की मौत होने के साथ मृतकों की संख्या बढ़ कर 16 हो गई है. यह पांच मंजिला इमारत आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे ढह गई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में 13 पुरूष और तीन महिलाएं शामिल हैं. उन्होंने बताया कि इन लोगों को सरकारी जेजे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया.

इमारत के मलबे से बाहर निकाले जाने के बाद इन लोगों को वहां ले जाया गया था. पुलिस ने बताया कि 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. स्थानीय निकाय अधिकारियों ने मलबे में और अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका जताई है.

ये हादसा भिंडी बाजार के बोरी मोहल्ला में हुआ. बताया जा रहा है कि इस बिल्डिंग की दो मंजिले अवैध रूप से बनाई गई है. बताया जा रहा है कि ये हादसा सुबह करीब 8.30 बजे हुआ. ये बिल्डिंग काफी पुरानी बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि इस बिल्डिंग में 15 परिवार रहते थे.

एनडीआरएफ की टीम और दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर राहत और बचाव के काम में जुटी रहीं. चश्मदीदों ने ‘जी मीडिया’ को बताया है कि इस बिल्डिंग की पहली मंजिल पर प्ले स्कूल था. स्कूल सुबह 9 बजे शुरू होना था.

 

ये हादसा स्कूल शुरू होने से आधे घंटे पहले हुआ. घायलों को मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती कराया है.

 

आपको बता दें कि इस साल जुलाई के आखिरी सप्ताह में मुंबई के घाटकोपर इलाके में चार मंजिला इमारत गिरने से17 लोगों की मौत हुई थी.

 

बताया जा रहा है कि मुंबई में पिछले दो दिनों में हुई बारिश के चलते 70 साल पुरानी ये इमारत ढह गई.

 


Scroll To Top
Translate »