
lucknow | प्रदेश में बुधवार देर रात आए आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है. सूबे में 64 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है और यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है. अकेले आगरा मंडल में अब तक 43 लोगों की जान चली गई है. वहीं, तूफान में 160 मवेशियों के भी मारे जाने की सूचना है. आंधी-तूफान से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है. फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन तबाही के आकलन में जुटा हुआ है.
सरकार की तरफ से जो जानकारी दी गई है, उसके अनुसार आगरा के बाद बिजनौर और कानपुर देहात में 3-3 लोगों की मौत की खबर है. इनके अलावा सहारनपुर में दो व्यक्तियों की जान चली गई. वहीं बरेली, पीलीभीत, चित्रकूट, रायबरेली, उन्नाव, मथुरा, अमरोहा, कन्नौज, बांदा, कानपुर नगर, सीतापुर, संभल और मिर्जापुर में एक शख्स की मौत हो गई.
राज्य के राजस्व और राहत आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि आंधी-तूफान में 50 से ज्यादा लोगों के मरने की आशंका है. उन्होंने कहा कि बुधवार रात आए तूफान में सबसे जयादा आगरा जिला प्रभावित हुआ है. अभी पीड़ितों को मुआवजा 24 घंटे के भीतर मुहैया कराया जाएगा. सभी मृतकों को के परिजनों को चार लाख मुआवजा देने का ऐलान किया गया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को तुरंत आर्थिक सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि मदद में शिथिलता बरतने पर कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है 132 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से आए आंधी-तूफान में ग्रामीण इलाकों में जमकर तबाही मचाई. तूफान का सबसे ज्यादा असर खेरागढ़, फतेहाबाद, पिनाहट और अछनेरा में हुआ है. करीब 90 मिनट तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के चलते सैकड़ों पेड़ और होर्डिंग गिर पड़े, जबकि देहात में कई मकानों की छत उड़ गई. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को भी आंधी के आसार बने रहेंगे.
खेरागढ़ में सर्वाधिक 18 लोगों की मौत हुई है. फतेहाबाद में 9, बह में 4 मौत. किरावली, एत्मादपुर में दो-दो मौत. सदर में भी एक मौत की पुष्टि हुई है.
वहीं, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में भी आंधी-तूफान का असर देखने को मिला है. सहारनपुर में दो लोगों के मौत की खबर है जबकि मुजफ्फरनगर में आंधी-तूफान से खेतों में कटे पड़े गेंहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.
https://rashtriyadinmaan.com
