जहरीली शराब से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मरने वालों की संख्या हुई 72, 30 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी


 

लखनऊ |  उत्तर प्रदेश में जहरीली शराब पीने से मरने वालों का आंकड़ा 44 पहुंच गया है. मरने वालों में 36 लोग सहारनपुर के हैं जबकि 8 लोग कुशीनगर के हैं. घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने इस मालमे में अभी तक 30 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी की है. वहीं राज्य सरकार ने इस पूरी घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित इलाके के पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके अलावा दोनों जिलों के आबकारी अधिकारियों को 15 दिन तक पुलिस के साथ अवैध शराब के विरुद्ध संयुक्त ऑपरेशन चलाने का निर्देश भी दिया है. उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड में भी शुक्रवार को 28 लोगों की मौत की खबर आई थी. दोनों राज्यों को मिलाकर मरने वालों की संख्या 72 हो गई है.

गौरतलब है कि शुक्रवार को यह आंकड़ा 9 का था. इनमें सहारनपुर में 4 और कुशीनगर में 5 लोगों की मौत हुई थी. मिली जानकारी के मुताबिक जहरीली शराब पीने से पिछले 48 घंटों में ये मौतें हुई थी. आपको बता दें कि इस घटना के सामने के आने के बाद ऐसा लग रहा है कि जहरीली शराब बनाने वालों का नेटवर्क पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है और यह सब कुछ पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है क्योंकि जहरीली शराब जिस जगह पर बनाई जाती है कि उसकी गंध दूर-दूर तक जाती है. आपको बता दें कि जब राज्य में अखिलेश यादव की सरकार थी तो उन्नाव और लखनऊ में जहरीली शराब पीने से 33 लोगों की मौत हो गई थी. उसके बाद सरकार और प्रशासन की ओर से बड़े-बड़े दावे किए गए थे और आदेश दिया गया था कि जिस इलाके में जहरीली शराब पाई गई वहां के पुलिस थाने के अधिकारी जिम्मेदार होंगे.

 

 

 

 


Scroll To Top
Translate »