नई दिल्ली । फेसबुक ने भारत में एक लघु एवं मध्यम उपक्रम परिषद का गठन किया है ताकि विभिन्न उद्योगों के छोटे उद्यमों को जानकारी साझा करने और अपने उपक्रम को बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी का फायदा उठाने में मदद की जा सके। भारत के 20 लाख भारतीय लघु एवं मध्यम कारोबार (एसएमपी) फेसबुक के मंच पर हैं ।
वैश्विक स्तर पर यह फेसबुक द्वारा गठित दूसरी लघु एवं मध्यम उपक्रम (एसएमई) परिषद है। पहली परिषद अमेरिका में बनी थी । 4.5 करोड़ छोटे कारोबार ग्राहकों से जुड़ने के लिए फेसबुक पेज का सक्रियता से उपयोग करते हैं । फेसबुक इंडिया की प्रबंध निदेशक कीर्तिगा रेड्डी ने कहा छोटे कारोबार भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं ।
फेसबुक की मुख्य परिचालन अधिकारी शेरिल सैंडबर्ग ने कहा, छोटे कारोबार के बारे में छोटा कुछ भी नहीं है विशेष तौर पर भारत में जो विश्व की सबसे महत्वपूर्ण अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है । छोटे एवं मध्यम उपक्रम भारत के 40 प्रतिशत निर्यात का परिचालन करते हैं । उन्होंने कहा भारत में फेसबुक पेज के साथ 20 लाख से अधिक छोटे कारोबार जुड़े हैं ।
हम वैश्विक स्तर पर ग्राहकों को जोड़कर इनकी और हर कारोबार की मदद करना चाहते हैं । किराने की दुकान से लेकर रेस्त्रां और ऑनलाइन कई साइट तक ये कारोबार आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देते हैं, रोजगार पैदा करते हैं और देश भर में लोगों के जीवन को समृद्ध करते हैं । उन्होंने कहा कि फेसबुक लोगों को जोड़ने में मदद करने पर केंद्रित है जिसमें उन्हें इंटरनेट पहुंच मुहैया कराना और कारोबार को बढ़ाने में मदद करना शामिल है ।
https://rashtriyadinmaan.com
