मुंबई. स्विट्जरलैंड ने गैजेट जारी कर स्विस बैंकों में पैसा जमा रखने वाले पांच भारतीयों के नाम जारी किए हैं, जिनमें उद्योगपति यशोवर्धन (यश) बिड़ला का भी नाम शामिल है. पेज 3 पार्टियों से लेकर अपनी लग्जरी लाइफ के लिए मशहूर यश 18 लिस्टेड कंपनियों के समूह (यश बिड़ला समूह) के चेयरमैन हैं. लगभग 3000 करोड़ के टर्नओवर वाले इस समूह की कमान यश ने केवल 22 वर्ष की उम्र में संभाल ली थी.
47 साल के यश के माता-पिता अशोक और सुनंदा बिड़ला की 1990 में विमान हादसे में मौत हो गई थी. तब यश 22 साल के थे. माता-पिता की मौत के बाद उन्होंने अपने पारिवारिक बिज़नेस की कमान संभाल ली थी.
यश बिड़ला की पेज 3 लाइफ हमेशा से ही सुर्ख़ियों में रही है. उनके पास फरारी, बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज, ऑडी, जगुआर समेत कई महंगी कारों का कलेक्शन है. इसके अलावा यश फिटनेस फ्रीक हैं. उन्होंने अपने घर में एक प्राइवेट जिम तक खोल रखा है. मुंबई के मालाबार हिल्स में उनका आलीशान पुश्तैनी बंगला है. साथ ही उनके कुछ फ्लैट्स भी इस इलाके में थे, जिन्हें लेकर विवाद चल रहे हैं.
ऐसा बताया जाता है कि यश बिड़ला कृष्ण भगवान के भक्त हैं. उन्होंने अपनी बॉडी पर कृष्ण की बांसुरी का टैटू भी बनवाया है. उत्तराखंड में उन्होंने ध्यान करने के लिए घर भी बनवाया था, जहां वे अपने परिवार के साथ अक्सर जाते थे. लेकिन उत्तराखंड में आई त्रासदी के दौरान घर टूट गया था.
https://rashtriyadinmaan.com

