सम्पर्क स्थापित करके कार्य योजना प्रस्तुत की जाए
कार्य योजना बनाने के लिए विशेष सचिव मुख्यमंत्री
श्री मुथुकुमार स्वामी बी0 नोडल अधिकारी नामित
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने राजकीय विद्यालयों के 10वीं तथा 12वीं कक्षा के साधनविहीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की आई0आई0टी0 प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने के लिए एक कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में पटना, बिहार के श्री आनन्द कुमार द्वारा संचालित ‘सुपर-30’ संस्था से सम्पर्क स्थापित करके कार्य योजना प्रस्तुत की जाए। इसके लिए विशेष सचिव मुख्यमंत्री श्री मुथुकुमार स्वामी बी0 को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
यह जानकारी देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले वर्षों में आई0आई0टी0 की प्रवेश परीक्षा में साधनहीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इसके मद्देनजर राजकीय विद्यालयों के 10वीं तथा 12वीं कक्षा के ऐसे विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जो प्रतिभाशाली तो हैं किन्तु आर्थिक अभाव के कारण आई0आई0टी0 प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने में समर्थ नहीं हैं। चूंकि ऐसे ही विद्यार्थियों को ‘सुपर-30’ संस्था आई0आई0टी0 प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार करती है। इसलिए इस संस्था से सम्पर्क स्थापित कर कार्य योजना तैयार की जाएगी। इस कार्य योजना के सम्बन्ध में प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा सहयोग करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ‘सुपर-30’ संस्था ऐसे विद्यार्थियों को चयनित करती है, जो साधनविहीन किन्तु प्रतिभाशाली हैं। ऐसे विद्यार्थियों को इस संस्था द्वारा आई0आई0टी0 की प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार किया जाता है। ‘सुपर-30’ द्वारा इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री से सम्पर्क करके यह प्रस्ताव दिया गया था कि उत्तर प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों का विधिवत चयन करके उन्हें आई0आई0टी0 प्रवेश परीक्षा में सफलता दिलवाने के लिए तैयार किया जाए।
https://rashtriyadinmaan.com

