इलाहाबाद| कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि नेहरू-गांधी परिवार के किसी सदस्य को इलाहाबाद से चुनाव लड़ाने पर विचार किया जाएगा। अपने इलाहाबाद दौरे के दौरान शनिवार को सोनिया ने कांग्रेसियों से मुलाकात के दौरान यह बात कही।
विधायक इलाहाबाद उत्तरी अनुग्रह नारायण सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी, प्रवक्ता जावेद उर्फी और कांग्रेस के कई पीसीसी सदस्यों की मौजूदगी में प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं से कांग्रेस अध्यक्ष को अवगत कराया। इस दौरान नेहरू-गांधी परिवार के किसी सदस्य को इलाहाबाद से चुनाव लड़ाने और इलाहाबाद को केन्द्र बनाकर कांग्रेस चुनाव लड़ने की मांग रखी गई। छोटी सी मुलाकात में कार्यकर्ताओं की मांग पर कांग्रेस अध्यक्ष ने विचार करने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने तर्क रखे कि फूलपुर संसदीय सीट से प्रियंका गांधी को चुनाव के लिए मैदान में उतारना चाहिए। इस सीट से पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू चुनाव लड़ चुके हैं। पूरे शहर का कांग्रेस से लगाव है। अगर इस सीट पर नेहरू गांधी परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ेगा तो इसका असर पड़ेगा। क्योंकि सोनिया गांधी खुद रायबरेली से चुनाव लड़ती हैं और उपाध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी सीट से। ऐसे में माना जा रहा है कि इस सीट पर परिवार की तीसरी सदस्य प्रियंका गांधी को टिकट दिया जा सकता है।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सपा और बसपा की तर्ज पर छह महीने पहले प्रत्याशी घोषित करने की मांग उठाई। जिसे लागू करने पर अध्यक्ष ने सहमति जताई।
https://rashtriyadinmaan.com

