नयी दिल्ली : जेएनयू विवाद व पटियाला हाउस कोर्ट में लगातार मारपीट के मामले सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने अपने रवैये में नरमी के संकेत दिये हैं. दिल्ली के पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने आज कहा कि अब दिल्ली पुलिस कन्हैया की जमानत का विरोध नहीं करेगी. हालांकि उन्होंने कहा कि हम उसे क्लिन चीट नहीं दे रहे हैं. साथ ही कमिश्नर ने कहा कि दिल्ली पुलिस कन्हैया की एक अपील सार्वजनिक करेंगे. घोषणा के अनुरूप कुछ देर बाद बस्सी ने उसे अपने ट्विटर एकाउंट पर जारी कर दिया. उन्होंने कहा कि अगर एक युवा ऐसा करना चाहता है तो मैं समझता हूं कि उसे यह मौका दिया जाना चाहिए.
बस्सी ने कहा कि कन्हैया के साथ पटियाला हाउस कोर्ट परिसर में मारपीट नहीं, बल्कि धक्का मुक्की की गयी है. कन्हैया ने अपनी अपील में लिखा है कि मेरा नाम कन्हैया कुमार है और मेरी माता का नाम मीना देवी व पिता का नाम जयशंकर सिंह है. मैं ग्राम पोस्ट बीहट, टोला मसनपुर, थाना बरौनी, जिला बेगूसराय, बिहार का रहने वाला हूं. कन्हैया ने लिखा है कि जेएनयू कैंपस में कुछ असंवैधानिक नारे लगाये गये थे.. नौ फरवरी को जेएनयू में देश विरोधी नारेबाजी को कन्हैया ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है और कहा है कि वह इसकी निंदा करता है. उसने लिखा है कि मैं अपनी संवैधानिक प्रतिबद्धता के साथ उनका समर्थन नहीं करता हूं. आप सबसे अपील करता हूं कि शांति भंग नहीं करें और विश्वविद्यालय में शांति बनाये रखें.
https://rashtriyadinmaan.com

