
लखनऊ,। आकांक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती अनीता सिंघल ने कहा कि देश एवं प्रदेश के विकास हेतु शत-प्रतिशत युवाओं को शिक्षित किये जाने हेतु स्वयंसेवी संस्थाओं को और अधिक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिये। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित कराने में स्वयंसेवी संस्थायें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि साधनहीन बच्चों की प्राथमिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में राउंड टेबल इण्डिया एवं लेडीज सर्कल इंडिया द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है।
श्रीमती अनीता सिंघल आज होटल विवान्ता बाइ ताज में पनाश-2016 ‘उच्च स्तरीय लाइफस्टायल एक्सपो’ का उद्घाटन करने के उपरान्त अपने अपने विचार व्यक्त कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गरीब जनता को दृष्टिगत रखते हुये शिल्पकारों द्वारा डिजाइनों का मूल्य निर्धारित किये जाने पर विचार करना होगा, ताकि उनके द्वारा हस्तशिल्प का अधिक से अधिक उपयोग हर वर्ग का व्यक्ति कर सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ अवध शिल्प ग्राम का लोकार्पण कर उत्तर प्रदेश के शिल्पकारों को अपना हुनर दिखाने का अवसर प्रदान किया गया है।श्रीमती सिंघल ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियों का आयोजन अवध शिल्प ग्राम में कराया जाना चाहिये, ताकि कम से कम खर्च पर अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिल्पकारों में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें अच्छे मार्ग दर्शन की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिल्पकारों का हुनर बढ़ाने हेतु अनेक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कराकर शिल्पकारों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी संस्थाओं को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराकर आम नागरिकों को जागरूक करने और उन्हें लाभान्वित कराने में और अधिक भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिये।
https://rashtriyadinmaan.com
