car-driving-without-driving-license-and-DC-now-not-cancel-invoices-news-in-hindi-155000

नई दिल्ली. अब आप बिना ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट के गाड़ी चला सकेंगे. यही नहीं, चालान काटे जाने के टेंशन से भी आपको मुक्ति मिल जाएगी. यानी ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी साथ में रखने की टेंशन खत्म हो गई है. आपके मोबाइल में डिजीलॉकर की सुविधा आज से लागू हो जाने के चलते ऐसा संभव हो पाया है. केवल आपको अपने डिजिटल लॉकर का कोड याद रखना है. इसमें आप अपने डीएल और आरसी की सॉफ्ट कॉपी को सुरक्षित कर रख सकेंगे. देश की राजधानी दिल्ली में 7 सितंबर से इस दिशा में पहल होने जा रही है. ट्रैफिक पुलिस के मांगने पर यही डिजिटल कॉपी मान्य होगी. ट्रैफिक पुलिस या अन्य एजेंसियां उन डॉक्युमेंट्स को जरुरत पड़ने पर डिजीलॉकर एप्प के जरिए पुष्टि कर सकेंगे. ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रणाली को डिजिटल लॉकर के साथ इंट्रीग्रेशन को आज लॉन्च कर दिया गया.

कार, स्कूटर, मोटर साइकिल या किसी भी वाहन को चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) जैसे कागजातों की जरूरत खत्म करते हुए बुधवार को इनके डिजिटल मोबाइल एप्प औपचारिक रुप से जारी किए गए. केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां एक कार्यक्रम में डीएल और आरसी के डिजिटल मोबाइल एप्प जारी किए. उन्होंने इस मौके पर कहा कि इससे प्रशासनिक जटिलता कम होगी और भ्रष्टाचार पर काबू पाया जा सकेगा.

लोगों को अपना ऑनलाइन डिजिलॉकर नाम से एकाउंट खुलवाना होगा. यह डिजिलॉकर सिर्फ उन्हीं लोगों का खुलेगा जिसके पास आधार कार्ड होगा. जब आपका यह एकाउंट तैयार हो जाएगा तो आप बिना दस्तावेजों के साथ घूम सकते हैं.

गडकरी ने कहा कि देश में 19 करोड़ 60 लाख 72 हजार 380 वाहन पंजीकृत हैं. डिजिटल मोबाइल प्रारुप के लिए नौ करोड़ वाहनों और चालकों का डाटाबेस तैयार कर लिया गया है. देशभर के 1000 से अधिक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों को डिजिटल किया जा सकेगा. इस डिजिटल मोबाइल एप्प के जरिए लाइसेंस और आरसी मोबाइल फोन में रखी जा सकेगी. केंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि लाइसेंस और डीएल के इलेक्ट्रॉनिक स्वरुप से फर्जीवाड़ा रोका जा सकेगा और कागजातों की जांच आसानी से हो सकेगी. इससे नकली और असली कागजातों का भी पता चल सकेगा.