
लुआक्टा की स्मारिका तथा पुस्तक ‘हिन्दी
और भारतीय मुस्लिम साहित्यकार’ का विमोचन किया
लखनऊ:मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्तमान कॉम्पटीशन के दौर में सफल होने के लिए शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक बदलाव की जरूरत है। देश में अभी भी विश्वस्तरीय उच्च शिक्षा संस्थान नहीं हैं। बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए प्राथमिक से लेकर उच्च स्तर तक की शिक्षा पर ध्यान देना होगा। समाजवादी सरकार ने प्रदेश में बेहतर और गुणवत्तापरक शिक्षा के लिए काफी काम किया है।
मुख्यमंत्री आज यहां मुमताज़ पी0जी0 कॉलेज में ‘उच्च शिक्षा: मुद्दे, चुनौतियां, सम्भावनाएं एवं रणनीति’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार के उद्घाटन के पश्चात् अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। संगोष्ठी का आयोजन मुमताज़ पी0जी0 कॉलेज एवं लखनऊ विश्वविद्यालय सहयुक्त महाविद्यालय शिक्षक संघ (लुआक्टा) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा और शिक्षकों की समस्याओं के लिए संघर्ष करने वाले निवर्तमान शिक्षकगण, डॉ0 शक्तिधर (मरणोपरान्त), डॉ0 सुप्रभा वी0 सहाय (मरणोपरान्त), डॉ0 संग्राम सिंह चौहान, डॉ0 जे0एन0 शुक्ला, डॉ0 लल्लू राम मिश्र, डॉ0 रीना सिंह, डॉ0 हसीन जहां, डॉ0 प्रियलता सिन्हा, डॉ0 अरुणा राजवंशी, डॉ0 एस0पी0 त्रिपाठी, श्री इशरत मुर्तुजा सिद्दीकी, डॉ0 अहमद अब्बास, डॉ0 अयोध्या सरन त्रिपाठी, डॉ0 ए0पी0 सिंह, डॉ0 नरेन्द्र मणि त्रिपाठी तथा डॉ0 एल0के0 अस्थाना को सम्मानित किया। सम्मानित शिक्षकगण को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने खुशी जतायी कि उन्हें ऐसे संघर्षशील और प्रतिष्ठित गुरूजनों का सम्मान करने का अवसर मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार रास्ता निकालने में यकीन रखती है। समाजवादी सरकार के प्रयासों से ही पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती और प्रोन्नति हुई है। पुलिस भर्ती की प्रक्रिया आसान कर दी गयी है, क्योंकि पुलिस में भर्ती के लिए कठिन परीक्षा से अधिक बेहतर टेªनिंग की जरूरत है। पी0सी0एस0 और पी0पी0एस0 अफसरों की भी बड़े पैमाने पर प्रोन्नतियां समाजवादी सरकार द्वारा करायी गयी हैं। आलिम और मोअल्लिम की डिग्री धारकों की भर्ती की भी अनुमति दी गयी। इसी प्रकार शिक्षामित्रों के समायोजन का रास्ता भी निकाला गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों द्वारा की जा रही अधिवर्षता आयु बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों पर विचार कर समाधान निकाला जाएगा।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने सभी क्षेत्रों और वर्गों के लिए बिना किसी भेदभाव के काम किया है। हज हाउस का निर्माण कराया गया है तो भजन स्थल भी बनवाया गया है। कब्रिस्तानों की चहारदीवारियां बनवायी गयी हैं तो अन्त्येष्टि स्थलों की सुरक्षा का इंतजाम भी किया गया है। कब्रिस्तानों की चहारदीवारियां बनने से इन पर होने वाले कब्जे के विवादों में कमी आयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार द्वारा देश के सबसे लम्बे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण रिकॉर्ड समय में करवाया जा रहा है। लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में मेट्रो रेल के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। लखनऊ में गोमती, वाराणसी में वरुणा तथा मथुरा में यमुना नदियों की स्वच्छता और सौन्दर्यीकरण का काम तेजी से चल रहा है। कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समाजवादी सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है, जिससे 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं की तरह 100 नम्बर पर फोन करने पर जल्द से जल्द पुलिस घटनास्थल तक पहुंचकर पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम करेगी। इस प्रकार की सेवा देश में पहली बार उत्तर प्रदेश में ही शुरू होने जा रही है।
संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए उच्च शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री शारदा प्रताप शुक्ल ने कहा कि सरकार शिक्षकों की मांगों का शीघ्र समाधान करेगी।
https://rashtriyadinmaan.com
