डॉयल 100 के कमांड सेंटर पर लड़कियों का हंगामा


14433124_1698533117134553_9091114683678910119_n

लखनऊ,। यूपी के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रॉजेक्ट डॉयल 100 में लड़कियों के शोषण का मामला प्रकाश में आया है। यहां कई लड़कियों ने गोमतीनगर स्थित कमांड सेंटर पर सोमवार सुबह खूब हंगामा काटा। लड़कियों का आरोप था कि टेलीकॉलर के लिए महिंद्रा टेक कंपनी ने भर्ती की है अब कई दिनों से उन्हें ज्वॉइनिंग लेटर देने की बात कहकर बुलाया जाता है और दिनभर बैठाये जाने के बाद बहाने बनाकर घर वापस भेज दिया जाता है।

हंगामा काट रही शहर के विभिन्न इलाकों से आई लड़कियों ने बताया कि महिंद्रा टेक कंपनी ने करीब 300 लड़कियों को पिछले महीने श डॉयल 100 के कमांड सेंटर के सामने पार्क में फॉर्म भरवाए थे। इस दौरान कंपनी ने उन्हें ना तो सेलरी बताई कि कितनी मिलनी है ना ही किस जगह ज्वॉइनिंग मिलेगी। लड़कियों का आरोप है कि कंपनी ने 22 अगस्त को सभी के फॉर्म सबमिट करवाये थे। इसके बाद उन्हें 5 सितंबर को ज्वॉइनिंग के लिए मैसेज भेज कर बुलाया गया था लेकिन पूरे दिन बैठाये रखने के बाद घर भेज दिया गया। प्रदर्शन कर रही लड़कियों का कहना था कि उन्हें एक बार 15 सितंबर को बुलाया गया इसके बाद 26 सितंबर को ज्वॉइनिंग का मैसेज भेजकर बुलाया गया।

सोमवार को जब सैकड़ों लड़कियां पहुंची तो उन्हें फिर से बिना किसी पूर्व सूचना के ज्वॉइनिंग पोस्टपोंड होने का हवाला देकर घर भेजा गया इससे सभी आक्रोशित हैं। लड़कियों का कहना था कि प्राइवेट कंपनियां मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रॉजेक्ट में घुन लगा रहीं हैं। फिलहाल सूचना पाकर मौके पर पहुंची गोमतीनगर पुलिस ने उन्हें आश्वाशन देकर प्रदर्शन समाप्त करवा दिया।

थाना प्रभारी गोमतीनगर ने बताया ज्वॉइनिंग डेट में कन्फ्यूजन को लेकर लड़कियां हंगामा काट रहीं थीं उन्हें समझाकर घर भेज दिया गया है। आप को बता दें कि इससे पहले 13 जुलाई को वीमेन पॉवर लाईन 1090 में कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रही 42 लड़कियों को चार महीने से सेलरी न मिलने के कारण मुख्यमंत्री आवास पर हंगामा काटा था। वहां से पुलिस ने उन्हें खदेड़कर सपा कार्यालय भेज दिया था। लड़कियों ने 1090 के खिलाफ नारेबाजी की थी। इन लड़कियों की ज्वॉइनिंग कॉन्ट्रैक्ट बेस पर टेक्नोसिस प्राईवेट लिमिटेड कंपनी के माध्यम से पिछली 15 मार्च 2016 को हुई थी। इन सभी लड़कियों को 10 हजार 642 रूपए प्रतिमाह वेतन देने की बात हुई थी। इसमें से पीएफ और ईएसआई काटकर 7 हजार 945 रूपये देने कहा गया था।


Scroll To Top
Translate »