अमर सिंह बोले-मुलायम के बिना अखिलेश का आगे बढ़ना नामुमकिन


 

amar-singh-1-620x400

दिल्ली | समाजवादी पार्टी के महासचिव और राज्य सभा सांसद अमर सिंह को लेकर उत्तर प्रदेश में सत्ताधारी समाजवादी पार्टी दो फाड़ नजर आ रही है। सीएम अखिलेश यादव ने उन पर मुलायम सिंह यादव परिवार और सपा सरकार में फूट डालने का आरोप लगाते हुए उन्हें बाहर करने की मांग की है। वहीं मुलायम सिंह यादव ने साफ कह दिया कि अमर सिंह के सभी “पाप” उन्होंने माफ कर दिए हैं। सोमवार (24 अक्टूबर) को मुलायम ने लखनऊ में सपा मुख्यालय में सार्वजनिक मंच पर कहा कि अमर सिंह ने उन्हें जेल जाने से बचाया था और पार्टी में सिंह के खिलाफ आवाज उठाने वाले कई लोग उनके पैरों की धूल के बराबर भी नहीं हैं। जब लखनऊ में सपा के वरिष्ठ नेता आपस में तकरार कर रहे थे तब अमर सिंह कोलकाता में थे। वहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अमर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हवाला देते हुए इशारा किया कि अखिलेश यादव को मुलायम सिंह यादव के प्रति वफादार रहना चाहिए क्योंकि उन्हीं की वजह से वो मुख्यमंत्री बने हैं।

एक सवाल के जवाब में अमर सिंह ने कहा, “…जिस तरह अगर आरएसएस का समर्थन न होता तो मोदी पीएम नहीं बन पाते। आरएसएस के समर्थन के बिना वो क्या हैं? अगर उनके पीछे आरएसएस न होता तो वो पीएम पद के उम्मीदवार ही नहीं बन पाते। इसलिए पीएम उम्मीदवार बनने के लिए उन्हें मोहन भागवत के प्रति वफादार रहना पड़ा था।…इसलिए उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की राजनीति में मुलायम सिंह यादव ही अब तक पार्टी की जान हैं।”  अमर सिंह फैशन डिजाइनर ज्योति खेतान सिंह द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में  टेलीग्राफ अखबार द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे।


Scroll To Top
Translate »