राजनाथ की पाक को दो टूक, कहा नहीं सुधरा तो 2 की जगह हो जाएंगे 10 टुकड़े


 

singh-pakistan-bluntly-said-not-improved-then-10-pieces-replaced-by-2-news-in-hindi-165946

 

जम्मू. केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला. पाक को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि, यदि पाकिस्तान अभी भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो उसके दो नहीं दस टुकड़े हो जाएंगे. सिंह ने आगे कहा कि भले ही पाकिस्तान ने चार-चार बार हिन्दुस्तान पर हमला किया हो लेकिन यहां के जवानों ने उनके दांत खट्टे कर दिए हैं. पाकिस्तान को हकीकत को समझना चाहिए, आतंकवाद बहादुर लोगों का नहीं कायरों का हथियार होता है. बता दें कि गृहमंत्री जम्मू के कठुआ में शहीद दिवस पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.

राजनाथ ने कहा, भारत लगातार पाकिस्तान को मनाता रहा है. लेकिन भारत की कोशिशों के बाद भी पाकिस्तान मानने को तैयार नहीं हो रहा है. वह लगातार हमारे सैनिकों पर हमले कर रहा है. अपने भाड़े के आतंकियों को भेज कर राज्य की शांति को भंग कर रहा है. सिंह ने आगे कहा, भारत की फौज में इतनी क्षमता है कि वह हमारी जमीन पर खून बहाने आए आतंकियों को खत्म कर सके. साथ ही भारतीय फौज में इतनी क्षमता भी है कि वह सीमा पार पाकिस्तान के क्षेत्र में घुसकर आतंकियों को खत्म कर सके.

 

राजनाथ ने कहा कि, भारत हमेशा से ही पाकिस्तान को अपना समझता आया है. यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ को दिल्ली बुलाया था. इसके बाद भी उन्हें बातें समझ नहीं आती है. हमने उन्हें सिर्फ़ हाथ मिलाने के लिए यहां नहीं बुलाया था बल्कि इसलिए बुलाया था कि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों को छोड़कर दोस्ती के लिए आगे जिससे दोनों ही देशों का विकास हो सके.

सिंह ने आगे कहा, भारत अपने सभी पड़ोसी देशों का विकास होते हुए देखना चाहता है. यही कारण है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पाकिस्तान का दौरा किया था. लेकिन हमें इसके बदले में कारगिल मिला. इसी दौरान राजनाथ ने पीएम मोदी के पाकिस्तान दौरे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि, हमारे पीएम मोदी नवाज़ के यहां शादी में हिस्सा लेने अफगानिस्तान से सीधे पाकिस्तान चले गए. बावजूद इसके की उनका वहां का कोई प्रोग्राम नहीं था. लेकिन इसके बाद भी पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया. इतने प्यार और दोस्ती के बदले में पाकिस्तान ने हमें गुरदासपुर हमला, पठानकोट हमला और उरी जैसे हमला दिया.


Scroll To Top
Translate »