
देहरादून | नोटबंदी पर बढ़ती आलोचना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर एक बार फिर निशाना साधा है. देहरादून में आयोजित परिवर्तन रैली में उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें फीता काटने के लिए नहीं, बल्कि चौकीदार के रूप में चुना है और जब वे चौकीदार के रूप में काम कर रहे हैं तो लोगों को परेशानी हो रही है. नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश को काला धन और काला मन रखने वालों ने बर्बाद कर दिया है और दोनों को बाहर निकाला जाना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘मैंने कहा था कि भ्रष्ट लोग को सजा मिलेगी और अब यह हो रहा है. यह सफाई अभियान है, जिसमें भारत के लोग मेरी मदद कर रहे हैं.’ प्रधानमंत्री के मुताबिक आठ नवंबर को पुराने नोटों को बंद करने फैसले से एक ही झटके में जाली नोट, आतंकवाद, मानव तस्करी और ड्रग्स जैसी समस्याओं का समाधान हो गया है.
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में चारधाम महामार्ग विकास परियोजना का शिलान्यास भी किया. इस परियोजना को जून 2013 में केदारनाथ हादसे में जान गंवाने वालों को समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस हाईवे के बनने के बाद लोग जब भी केदारनाथ और बद्रीनाथ आएंगे तो इस सरकार और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को वैसे ही याद करेंगे जैसे श्रवण कुमार को करते हैं. उन्होंने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की आय का प्रमुख साधन है और इस परियोजना से सफर सुरक्षित होगा, जिससे उत्तराखंड आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ेगी. प्रधानमंत्री ने दावा किया कि वे उस कहावत को ही बदल देना चाहते हैं, जिसमें कहा जाता है कि पहाड़ की जवानी और पानी वहां के किसी काम नहीं आते. उन्होंने कहा कि वे ऐसा उत्तराखंड बनाएंगे, जहां से किसी को रोजगार के लिए शहर जाने के लिए मजबूर न होना पड़े.
उत्तराखंड के स्कूटर घोटाले का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा. उत्तराखंड को आगे ले जाने के लिए दो इंजनों की जरूरत बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘बीजेपी के रूप में एक इंजन केंद्र सरकार का है, दूसरा इंजन बीजेपी के रूप में उत्तराखंड में भी लगा दीजिए.’
https://rashtriyadinmaan.com
