सपा के 325 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी,अखिलेश करीबियों को झटका गायत्री , अतीक अहमद को मिली जगह


 

 

akhilesh-1-696x386

 

लखनऊ। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 325 उम्‍मीदवार घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने 53 मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है। जिनमें मौजूदा मंत्री अरविंद सिंह गोप और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी पवन पांडेय जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। 176 विधायक ही दोबारा टिकट पाने में कामयाब हुए हैं।

लखनऊ में प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान मुलायम ने बताया कि पार्टी किसी से गठबंधन नहीं करेगी और पांच साल में किए गए अपने विकास कार्यों के दम पर चुनाव लड़ेगी। मुलायम ने कहा क‌ि 78 सीटों पर व‌िचार ‌व‌िमर्श के बाद घोषणा की जाएगी। मुलायम ने ये भी साफ कर दिया कि अब कोई उम्‍मीदवार बदला नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री के सवाल पर मुलायम ने कहा कि पहले से ही सीएम उम्‍मीदवार की घोषणा नहीं की जाती, जीतने के बाद विधायक ही तय करेंगे कि कौन बनेगा मुख्यमंत्री।

उन्होंने बताया क‌ि ट‌िकट के ल‌िए 4200 लोगों ने अप्लाई क‌िया था। अरव‌िंद स‌िंह गोप की जगह बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा को ट‌िकट द‌िया गया है। वहीं, पवन पांडेय का ट‌िकट काटकर आशीष को द‌िया गया।

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह भी डेढ़ सौ से ज्यादा उम्‍मीदवारों की सूची जारी कर चुके थे, लेकिन मुलायम ने उससे इतर अब नए सिरे से उम्‍मीदवारों की घोषणा की है। शिवपाल की सूची वाले ज्यादातर उम्‍मीदवारों को इस सूची में भी जगह मिली है। हालांकि शिवपाल ने उन सीटों पर उम्‍मीदवारों की घोषणा की थी, जिन पर पिछले चुनाव में पार्टी को हार मिली थी।

सपा में मचे घमासान के बाद प्रदेश अध्यक्ष ‌शिवपाल ने जो सूची जारी की थी, उसमें से पूर्व की सूची में शामिल कई उम्‍मीदवारों का पत्ता काट दिया गया ‌था। सबसे ज्यादा गाज तो अखिलेश के करीबियों पर गिरी ‌थी, जिनमें से अधिकतर का पत्ता शिवपाल ने साफ कर दिया था। हालांकि मुलायम द्वारा जारी की गई नई लिस्ट में भी मुख्यमंत्री के कई करीबियों को टिकट से वंचित कर दिया गया है, जिनमें अरविंद सिंह गोप और पवन पांडेय तो मौजूदा सरकार में मंत्री भी रहे हैं।

गायत्री प्रजापति अतीक अहमद को मिली जगह वहीं अखिलेश यादव के विरोध के बावजूद विवादित मंत्री गायत्री प्रजापति को भी मुलायम सिंह ने टिकट दिया है, प्रजापति को अमेठी से सपा ने उम्मीदवार घोषित किया है। सूत्रों की मानें तो उम्मीदवारों की जो लिस्ट अखिलेश यादव ने दी थी उसमें गायत्री प्रजापति का नाम नहीं था। सपा परिवार में कलह के बीच अखिलेश यादव के गुस्से की गाज गायत्री प्रजापति पर भी गिरी थी और उन्हें मंत्री पद से निष्कासित कर दिया गया था, हालांकि मुलायम सिंह के हस्तक्षेप के बाद उन्हें फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। यही नहीं अखिलेश यादव ने जिन उम्मीदवारों की खिलाफत की थी उनको भी टिकट दिया गया है, बाहुबली अतीक अहमद, सिगबतुल्ला अंसारी को भी सपा ने टिकट दे दिया गया है। सिगबतुल्ला अंसारी मुख्तार अंसारी के भाई हैं। सिगबतुल्ला को मोहम्मदाबाद से टिकट दिया गया है जबकि अतीक अहमद को कानपुर कैंट से टिकट दिया गया गया है।


Scroll To Top
Translate »