अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस के 15 डिब्बे पटरी से उतरे, 55 घायल


 

 

train28

कानपुर। कानपुर देहात जिले के रूरा रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन (12987) के 15 डिब्बे पटरी से उतर गये। रेलवे के अनुसार, हादसे में 55 लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि संख्या में वृद्धि हो सकती है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामूली रूप से घायल करीब 65 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया है। हादसे के बाद से दिल्ली हावड़ा रेल रूट बाधित हो गई है।

इस रेल मार्ग पर पिछले करीब पांच सप्ताह में यह दूसरी रेल दुर्घटना है। पिछला हादसा 20 नवंबर को पुखरायां में हुआ था, जिसमें 150 से ज्यादा लोग मारे गए थे और करीब 200 लोग घायल हुए थे। कानपुर के पुलिस महानिरीक्षक जकी अहमद ने पहले बताया था कि हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों मौत हुई है। लेकिन उत्तर मध्य रेलवे (एसीआर) के महाप्रबंधक अरूण सक्सेना ने बताया कि उनकी मेडिकल टीम घटनास्थल पर है और उनके पास अभी तक किसी के मरने की सूचना नहीं है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हादसे में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए गंभीर रूप से घायलों 50 हजार व मामूली रूप से घायलों 25 हजार रुपये सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि घायलों के इलाज की मुकम्मल व्यवस्था की जाए।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन के शयनयान श्रेणी के 13 डिब्बे और सामान्य श्रेणी के दो डिब्बे पटरी से उतर गये। इनमें से दो डिब्बे एक सूखी नहर में गिर गये, जबकि एक डिब्बा पटरी से नीचे लटक रहा था। हालांकि नहर में पानी नहीं होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त हुए डिब्बों में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया है।


Scroll To Top
Translate »