
गोंडा। जिले के मेहनौन में शनिवार को जनसभा को सम्बोधित करते हुए सपा सुप्रीमो और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी लोकसभा सांसद डिम्पल यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने भावनात्मक लहजे में कहा कि यूपी का चुनाव हमारे बच्चों के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने बिजली को भी अलग-अलग धर्मों में बांट दिया। भला बिजली भी कहीं हिंदू-मुस्लिम होती है।
डिम्पल ने भाजपा के अघ्यक्ष अमित शाह के कसाब वाले बयान पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि क से कंप्यूटर, स से स्मार्टफोन, ब से बहनों के लिए अनेक योजनाएं हैं। हम एंबुलेंस सेवा दे रहे हैं, आने वाले समय में जानवरों के लिए भी एंबुलेंस और दवाई आपके गांव तक पहुंचाएंगे। इसके साथ ही डिम्पल यादव ने कहा मन की बात करने वालों ने काम की बात नहीं की। बीजेपी के लोग कानून व्यवस्था को लेकर झूठ बोलते हैं। मोदीजी के न विचार अच्छे और न ही वाणी। केंद्र सरकार ने यूपी के साथ सौतेला व्यवहार किया है।
केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी के बयान पर डिम्पल ने कहा कि स्मृति तो सिनेमा लाइन से हैं। वह बस फिल्मी अंदाज में डायलागबाजी करती हैं। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक नन्दिता शुक्ला, प्रत्याशी राहुल शुक्ला समेत काफी संख्या में सपा समर्थक मौजूद रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
