
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड नेता आदित्यनाथ योगी ने रविवार को राज्य के 21वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। यहां स्मृति उपवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल राम नाईक ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
योगी के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने उपमुख्यमंत्रियों के रूप में शपथ ली। योगी आदित्यनाथ के साथ 21 कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली। इसमें श्रीकांत शर्मा, सतीश महाना, राजेश अग्रवाल, लक्ष्मीनारायण चौधरी, सुरेश खन्ना, सत्यदेव पचौरी, जयप्रताप सिंह, ओमप्रकाश राजभर, स्वामी प्रसाद मौर्य, जयप्रकाश सिंह, सिद्धार्थनाथ सिंह, नंदगोपाल नंदी, दारा सिंह चौहान, एसपी सिंह बघेल, धरमपाल सिंह, रमापति शास्त्री, बृजेश पाठक, राजेंद्र सिंह, मुकुल बिहारी, आशुतोष टंडन और रीता बहुगुणा शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह दिन में दो बजे कांशीराम स्मृति उपवन में शुरू हुआ। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, 13 राज्यों के मुख्यमंत्री, 15 केंद्रीय मंत्री तथा दर्जनों सांसद, भाजपा के वरिष्ठ नेता भी शामिल रहे। समारोह के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव भी मंच पर मौजूद पर थे।
भगवा वस्त्र पहने आदित्यनाथ ने शपथ लेने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का भी आशीर्वाद लिया, जो लखनऊ से सांसद हैं। उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले केशव प्रसाद मौर्य फूलपुर से सांसद हैं, जबकि दिनेश शर्मा और लखनऊ के मेयर हैं।
योगी कैबिनेट में इनको मिली जगह…
मुख्यमंत्री: योगी आदित्यनाथ
उप मुख्यमंत्री: केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा
कैबिनेट मंत्री: सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना, स्वामी प्रसाद मौर्य, सतीश महाना, राजेश अग्रवाल, रीता बहुगुणा जोशी, दारा सिंह चौहान, धर्मपाल सिंह, एस. पी. सिंह बघेल, सत्यदेव पचौरी, रमापति शास्त्री, जय प्रकाश सिंह, बृजेश पाठक, ओम प्रकाश राजभर, लक्ष्मी नारायण चौधरी, चेतन चौहान, श्रीकांत शर्मा, सिद्धार्थ नाथ सिंह, मुकुट बिहारी वर्मा, आशुतोष टंडन, नंद गोपाल गुप्ता नंदी।
https://rashtriyadinmaan.com
