
महाराष्ट्र। गोरखपुर सांसद यूपी के नए सीएम योगी आदित्यनाथ को शिवसेना ने एक नसीहत दी है। शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा है कि मेरे पास इस पर टिप्पणी करने के लिए कुछ नहीं है क्योंकि नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार अपनी इच्छा के अनुसार किसी को भी उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नियुक्त कर सकती है।
क्या अपने विवादित बयानों की वजह से घिरे रहने वाले सांसद यूपी को संभाल पाएंगे? इस सवाल पर राउत ने कहा कि अच्छा होगा अगर आदित्यनाथ विवाद पैदा करने वाले बयानों से बचें क्योंकि इससे राज्य में अराजकता ही बढ़ेगी।
उन्होंने कहा है कि उनके विवादास्पद बयान अब काम नहीं करेंगे क्योंकि अब वह भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। अगर वह इस तरह की टिप्पणियां देंगे तो पूरे राज्य का माहौल खराब हो जाएगा। अब उन्हें विकास की बात करनी चाहिए।
अयोध्या में राम मंदिर बनाने के वादे पर राउत ने कहा कि अब अगर योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी राम मंदिर नहीं बन पाया तो फिर वह कभी नहीं बन पाएगा।
गोरखपुर सीट से पांच बार सांसद रह चुके आदित्यनाथ, 26 वर्ष की उम्र में 12 वीं लोकसभा के सबसे कम उम्र के सदस्य थे। वर्तमान में, 12 सितंबर 2014 को महंत आवैद्यनाथ की मृत्यु के बाद, आदित्यनाथ गोरखपुर के गुरु गोरखनाथ मंदिर में महंत के रूप में सेवा दे रहे हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
