
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (29 जून) को कहा कि गोरक्षा के नाम पर लोगों की हत्या स्वीकार नहीं है। उनकी टिप्पणी कथित गोरक्षकों द्वारा किए गए हालिया हमलों और विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में आई है। महात्मा गांधी के गुरू श्रीमद राजचंद्रजी की 150वीं जयंती के मौके पर मोदी ने यहां साबरमती आश्रम में संबोधन के दौरान यह बात कही।
मोदी ने कहा कि दूसरों के खिलाफ हिंसा करना राष्ट्रपिता के आदर्शों के विरूद्ध है। उन्होंने कहा, ‘‘गौ भक्ति के नाम पर लोगों की हत्या स्वीकार नहीं है। इसे महात्मा गांधी कभी स्वीकार नहीं करते।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘चलिए सभी मिलकर काम करें। महात्मा गांधी के सपनों का भारत बनाते हैं। एक ऐसा भारत बनाते हैं जिस पर हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को गर्व हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देश में किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।’’
प्रधानमंत्री का यह बयान गोरक्षा के नाम पर हिंसा की बढ़ती घटनाओं की पृष्ठभूमि में आया है। पिछले दिनों मथुरा जा रही एक ट्रेन में एक मुस्लिम युवक की कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। हमला करने वालों ने युवक और उसके साथ के लोगों पर फब्तियां कसी तथा उनको ‘गोमांस खाने वाले’ और ‘देशद्रोही’ कहा। मोदी ने कहा, ‘‘हिंसा से कभी किसी समस्या का समाधान नहीं हुआ और न होगा। एक समाज के तौर पर हमारे यहां हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है।’’
भीड़ द्वारा लोगों की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के विरोध में कल देश के कई स्थानों पर ‘नॉट इन माई नेम’ नाम से प्रदर्शन हुए थे जिनमें हजारों लोग शामिल हुए।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दो दिन की गुजरात यात्रा के तहत सुबह यहां पहुंचे। इसके बाद उन्होंने नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर बांध परियोजना पूरी होने पर इसे बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि यह अगले दस वर्षों में भाजपा सरकार के नेतृत्व में गुजरात को नई ऊंचाईयों पर ले जाएगी।
https://rashtriyadinmaan.com
