भाजपा नेता का चालान काटने वाली सीओ श्रेष्ठा सिंह का ट्रांसफर


co_bulandshahar_transfered_201772_164445_02_07_2017

 

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से पंगा लेना अब जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी पर भारी पड़ रहा है। केसरिया साफा बांधे हिंदू युवा वाहिनी तथा भाजपा के नेता व कार्यकर्ता थाना के साथ ही जिला प्रशासन के कार्यालय में अपनी धमक बना रहे हैं।

बुलंदशहर में भाजपा नेता का ट्रैफिक उल्लंघन के मामले में चालान काटने वाली महिला क्षेत्राधिकारी (सीओ) श्रेष्ठा सिंह का कल तबादला कर दिया गया है। उनको इसी पद पर बहराइच भेजा गया है। 23 जून को बुलंदशहर स्याना में चेकिंग के दौरान जिला पंचायत सदस्या प्रवेश देवी के पति प्रमोद लोधी को पुलिस ने बिना हेलमेट व बिना कागजात के बाइक चलाते पकड़ा और चालान किया तो वह सीओ स्याना श्रेष्ठा सिंह से ही भिड़ गए।

भाजपा नेता की धमकी के बाद भी उनपर कानून का डंडा चलाने वाली महिला पुलिस ऑफिसर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद से लोगों ने उनको ‘लेडी सिंघम’ की उपाधि दी थी। वायरल वीडियो में श्रेष्ठा सिंह बीजेपी नेता को बताती दिखीं थीं कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। नियम-कानून तोडऩे पर वह सबके खिलाफ एक समान एक्शन लेंगी।प्रमोद लोधी ने सीओ से भी अभद्रता की, जिसके बाद उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में एफआईआर दर्ज कराकर गिरफ्तार कर लिया गया।

जब प्रमोद को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया तो वहां बड़ी संख्या में भाजपा नेता के समर्थक पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनसे चालान के नाम पर दो हजार रुपये मांगे। हंगामा कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को श्रेष्ठा सिंह ने कहा कि आप लोग ऊपर चले जाइये और सीएम साहब से लिखवाकर ले आइए की पुलिस को चेकिंग का कोई अधिकार नहीं है।वो गाड़ियों की चेकिंग न करे। हम अपनी गाड़ियों की जांच नहीं करवाएंगे। उन्होंने कहा था कि अगर कोई नियमों का उल्लंघन करेगा, सरकारी कामकाज में बाधा डालेगा और बदसलूकी करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मामला डिप्टी सीएम तक पहुंच गया था और माना जा रहा था कि स्याना कोतवाल और सीओ स्याना पर गाज गिर सकती है। एसएसपी ने तीन दिन पहले ही स्याना कोतवाल कौशलेन्द्र सिंह को हटा दिया था।

अब शासन से जारी हुई ट्रांसफर लिस्ट में सीओ श्रेष्ठा सिंह का भी नाम शामिल है। उन्हें बुलंदशहर से बहराइच भेजा गया है। शासन से जारी हुई ट्रांसफर लिस्ट में सीओ स्याना श्रेष्ठा सिंह को बहराइच भेजा गया है।

वहीं सीओ सिटी, सीओ खुर्जा, सीओ डिबाई, सीओ लाइन का भी गैर जनपद ट्रांसफर हुआ है। इसके अलावा सीओ सिटी प्रीति सिंह को हरदोई, सीओ खुर्जा चन्द्रधर को मथुरा, सीओ डिबाई दिनेश कुमार शर्मा को बहराइच तथा सीओ लाइन वंदना शर्मा को गोरखपुर भेजा गया है। माना जा रहा है कि सीओ स्याना श्रेष्ठा सिंह को ट्रांसफर भाजपाईयों की शिकायत पर हुआ है।


Scroll To Top
Translate »