
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान महिला क्रिकेट टीम के आईसीसी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की फिर से सराहना की और कहा कि वे भले ही टूर्नामेंट जीतने से चूक गयी लेकिन अपने खेल से 125 करोड़ लोगों का दिल जीतने में सफल रही. उन्होंने कहा कि, हमारी बेटियां देश का नाम रोशन कर रही हैं, नई-नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रही हैं. अभी पिछले दिनों हमारी बेटियों ने महिला क्रिकेट विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था और मुझे इसी सप्ताह उन सभी खिलाड़ी बेटियों से मिलने का मौक़ा मिला. उनसे बातें करके मुझे बहुत अच्छा लगा, लेकिन मैं अनुभव कर पा रहा था कि विश्व कप न जीत पाने का उन पर बड़ा बोझ था. उनके चेहरे पर भी उसका दबाव था, तनाव था.’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसा पहले कभी देखने को नहीं मिला कि फाइनल में टीम की हार के बाद भी देश ने उनकी सरहाना की हो, लेकिन पहली बार टीम के फाइनल में हारने के बाद भी देशवासियों ने खिलाड़ियों की सरहाना ही नहीं की बल्कि खिलाड़ियों को सिर आंखों पर भी बैठाया। यह एक सुखद बदलाव है. टीम की हार के बाद भी देशवासियों ने सभी खिलाड़ियों कोशिशों की सरहाना की और उनका हौंसला बड़ाया.
उन्होंने कहा, ‘‘ पहली बार हुआ कि जब हमारी बेटियां विश्व कप में सफ़ल नहीं हो पायीं, तो भी सवा-सौ करोड़ देशवासियों ने उस पराजय को अपने कंधे पर ले लिया. ज़रा-सा भी बोझ उन बेटियों पर नहीं पड़ने दिया. इतना ही नहीं, इन बेटियों ने जो किया, उसका गुणगान किया, उनका गौरव किया. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं इसे एक सुखद बदलाव देखता हूँ और मैंने इन बेटियों को कहा कि आप देखिए, ऐसा सौभाग्य सिर्फ़ आप ही लोगों को मिला है. आप मन से निकाल दीजिए कि आप सफल नहीं हुए हैं. मैच जीते या न जीते, आप ने सवा-सौ करोड़ देशवासियों को जीत लिया है.’’ भारतीय महिला टीम लार्ड्स में खेले गये फाइनल में मेजबान इंग्लैंड से नौ रन से हार गयी थी. प्रधानमंत्री ने टीम को फाइनल में पहुंचने पर बधाई दी थी और बाद में भी उनके प्रदर्शन की तारीफ की थी
https://rashtriyadinmaan.com
