
लखनऊ. भारत छोड़ो आन्दोलन की 75वीं वर्षगांठ पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजबब्बर के आह्वान पर आज 9 अगस्त (क्रान्ति दिवस) पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. जिसके तहत लोकतंत्र एवं धर्मनिरपेक्षता की रक्षा के लिए शपथ कार्यक्रम, स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन एवं मुख्य रूप से किसानों, बेरोजगार युवाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों, मजदूरों के लिए ‘हक मांगो अभियान’ के अन्तर्गत उठाये गये मुद्दों को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस जन आन्दोलन की ओर से जेल भरो आन्दोलन का आयोजन किया गया. जिसमें पूरे प्रदेश में आगरा, मैनपुरी, वाराणसी, गोरखपुर, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर,कानपुर, बरेली, शाहजहांपुर, एटा, इलाहाबाद, फतेहपुर, भदोही, सीतापुर, हरदोई, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, बलिया, देवरिया, गाजीपुर, फैजाबाद, जौनपुर, आजमगढ़, हाथरस, बलरामपुर,गोण्डा, अलीगढ़, बदायूं, बिजनौर, सहित प्रदेश के लगभग सभी जनपदों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जबर्दस्त प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी गयी.
राजधानी लखनऊ में जन आन्दोलन समिति के प्रभारी स्वयं प्रकाश गोस्वामी के नेतृत्व में जेल भरो आन्दोलन की शुरूआत की गयी. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मौजूद सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजनों को एस.पी. गोस्वामी ने सम्बोधित किया. उन्होंने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक कृत्यों की भर्त्सना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर चाहे वह किसानों का मुद्दा हो, नौजवानों, महिलाओं का मुद्दा हो, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों का मुद्दा हो, सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी. भाजपा के किसी भी आतंक से कांग्रेसजन विचलित नहीं होने वाले हैं. इसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से यात्रा शुरू करके एनेक्सी तिराहे से होते हुए विधानसभा होकर जीपीओ के सामने शैलेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंककर विरोध किया गया. भाजपा गद्दी छोड़ो के गगनभेदी नारे लगाते हुए गांधी प्रतिमा पहुंचे कांग्रेसजनों ने भाजपा की केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा लिये जा रहे जनविरोधी कृत्यों का विरोध करते हुए निन्दा की.
इस मौके पर कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए संतोष सिंह, हनुमान त्रिपाठी, द्विजेन्द्र त्रिपाठी, राघवेन्द्र नारायण ने कहा कि देश व प्रदेश में जिस प्रकार साम्प्रदायिकता और राजनीतिक विद्वेष की भावना के तहत केन्द्र और प्रदेश सरकार काम कर रही है उसे आम जनमानस त्रस्त है. लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की लगातार हत्या करने का प्रयास किया जा रहा है. इसे कांग्रेसजन कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे. जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के सामने से एस.पी. गोस्वामी के नेतृत्व में स्थानीय प्रशासन द्वारा कांग्रेसजनों की गिरफ्तारी कर लक्ष्मण मेला मैदान ले जाया गया जहां से ए.सी.जे.एम. प्रथम ने पन्द्रह दिन के भीतर सभी मांगों का जवाब लिखित रूप से देने का आश्वासन देकर सभी गिरफ्तार कांग्रेसियों को छोड़ दिया गया.
क्रान्ति दिवस व गिरफ्तारी में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद डॉ. संतोष सिंह, डॉ. आर.पी. त्रिपाठी, एस.पी. गोस्वामी, हनुमान त्रिपाठी, श्यामकिशोर शुक्ला, वीरेन्द्र मदान, द्विजेन्द्र त्रिपाठी, प्रमोद सिंह, अमरनाथ अग्रवाल, अशोक सिंह, संजीव सिंह, राघवेन्द्र नारायण, निशान्त त्रिपाठी, इकबाल अहमद, नरेश बाल्मीकि, रमेश मिश्रा, डॉ. विनोद चन्द्रा, शैलेन्द्र तिवारी, देवेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. ध्रुव त्रिपाठी, कनिष्क पाण्डेय, राहुल दुबे, अजय शर्मा अज्जू, शशांक त्रिपाठी अंशू, शरद मिश्रा, त्रिलोकी त्रिवेदी, सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे.
https://rashtriyadinmaan.com
