
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि काकोरी शहीद मंदिर केवल काकोरी या लखनऊ का ही नहीं बल्कि देश की स्वतंत्रता संग्राम का मंदिर है. पर्यटन के मानचित्र पर काकोरी को सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए जिससे देश विदेश के पर्यटक लखनऊ की ऐतिहासिक इमारतों के भ्रमण के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के बलिदान के बारे में जानकारी पा सकें. स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले क्रांतिकारियों की स्मृति को संजोकर रखना हमारा कर्तव्य है.
राज्य सरकार द्वारा सौन्दर्यीकरण के लिए 4.98 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है जिसमें से 2.49 करोड़ रुपये कार्यदायी संस्था को उपलब्ध करा दिए गए हैं और 1.30 करोड़ रुपये का अब तक उपयोग किया जा चुका है. काकोरी शहीद स्मारक का सौन्दर्यीकरण अनुमानित लागत तथा निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा हो. उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय नागरिक एवं छात्र-छात्राओं के मन में यदि सौन्दर्यीकरण को लेकर कोई सुझाव होगा तो वे पत्र के माध्यम से राजभवन भेज सकते हैं.
राज्यपाल ने आज काकोरी शहीद स्मारक जाकर ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ की 92वीं वर्षगांठ एवं ‘भारत छोड़ो आन्दोलन’ की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी तथा प्रदेश की जनता की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की. काकोरी कन्या इंटर कालेज की कक्षा ग्यारह की छात्रा कु. मन्तशा अली एवं बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कालेज के कक्षा नौ के छात्र शिवम रावत ने काकोरी शहीदों की जीवनी पर प्रकाश डाला. इस अवसर पर सांसद कौशल किशोर, विधायक श्रीमती जया देवी कौशल, उदय खत्री, जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा एवं अन्य अधिकारी, अशफाक उल्ला खां एवं अन्य क्रांतिकारियों के परिजन, गणमान्य नागरिक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्रायें उपस्थित थे. राज्यपाल ने इस अवसर पर काकोरी शहीद स्मारक में वृक्षारोपण भी किया.
https://rashtriyadinmaan.com
