
फर्रूखाबाद में 49 बच्चों की मौतों के जिम्मेदार दोषियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाय
लखनऊ | जनपद फर्रूखाबाद के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में आक्सीजन की कमी से 49 बच्चों की हुई दर्दनाक मौत पर पीडि़त परिजनों से मिलने एवं वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करने के लिए आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजब्बर सांसद के नेतृत्व में सांसद श्री प्रमोद तिवारी एवं डॉ0 संजय सिंह, विधायक श्रीमती अराधना मिश्रा‘मोना’ एवं विधान परिषद सदस्य श्री दीपक सिंह, प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा सिंह, पूर्व विधायक श्रीमती लुईस खुर्शीद, फर्रूखाबाद के जिला/शहर अध्यक्ष एवं स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने महमदपुर अमलइया एवं जहानगंज के ग्राम जलालपुर में मृतक बच्चों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त किया एवं सांत्वना दी। इसके उपरान्त लोहिया अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल-चाल लिया और बच्चों की मौतों के सम्बन्ध में पूरी घटना की जानकारी प्राप्त की।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने आज जारी बयान में कहा कि मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात एवं वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करने के उपरान्त प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि प्रदेश सरकार इस घटना को दबाने में लगी रही, सरकार का व्यवहार बहुत ही शर्मनाक है। एक जांच कमेटी बनाकर इसमें लीपापोती करना चाह रही है। उन्होने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है, संवेदना नहीं बची है। मुख्यमंत्री मथुरा में आरएसएस के कार्यक्रमों में जा रहे हैं। अपने कुछ खास लोगों से मिलने के लिए समय निकाल रहे हैं। उ0प्र0 में लगातार मौतें हो रही हैं। वाराणसी, बुलन्दशहर, बहराइच, गोरखपुर, फर्रूखाबाद में लगातार मौतें हो रही हैं उसके लिए उनके पास समय नहीं है। उन्हें जो घटनाएं हो रही हैं उसके लिए कोई चिंता नहीं है और न ही वह चिंतित हैं।
प्रदेश की जनता ने भाजपा जो बड़ा जनादेश दिया, भाजपा ने आम जनता को ठगने का काम किया है। दिल्ली और यूपी में भाजपा सरकार है एनआरएचएम फण्ड में कटौती की गयी है, इसी कारण चिकित्सीय और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से मौतें हो रही हैं। जो वैक्सीन गोरखपुर में लगनी चाहिए थी नहीं लग पाये हैं। न आक्सीजन मिल रही है, एम्बुलेंस खड़ी हैं डीजल न होने से नहीं चल पा रही हैं चुनाव के दौरान जनता से जो वादे किये थे उसमें पूरी तरह फेल हैं। गोरखपुर की इतनी बड़ी घटना से सरकार नहीं चेती और बच्चों की मौत का सिलसिला जारी है। उन्होने कहा कि वह अस्पताल में गये थे डाक्टरों की भारी कमी है। जहां 11 डाक्टरों की जरूरत है वहां दो ही डाक्टर मिले हैं, बच्चों के वार्ड में 4 डाक्टरों की जरूरत है तो एक ही डाक्टर उपलब्ध है, जबकि नवजातों को चौबीस घण्टे देखरेख चाहिए। मुख्यमंत्री बच्चों की जान बचाने में कम अधिकारियों और मंत्रियों को बचाने में लगे हैं उनकी प्राथमिकता बच्चों को बचाने की नहीं है। उन्होने मांग की है कि मृतक बच्चों के परिजनों केा न्याय मिले और इन मौतों के जिम्मेदार दोषियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाय।
सांसद श्री प्रमोद तिवारी, सांसद डा0 संजय सिंह, विधायक श्रीमती अराधना मिश्रा, विधान परिषद सदस्य श्री दीपक सिंह ने भी प्रदेश में हो रही मौतों पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर पूर्व विधायक श्रीमती लुईस खुर्शीद के साथ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा सिंह और फर्रूखाबाद जिला/शहर अध्यक्ष सहित स्थानीय कांग्रेसजन मृतक बच्चों के पीडि़त परिजनों के यहां जायेंगे और न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे।
https://rashtriyadinmaan.com
