
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आई0पी0एस0 अधिकारी सुश्री अपर्णा कुमार को हिमालय की चोटी मनास्लु का सफलतापूर्वक पर्वतारोहण करने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि इस उपलब्धि से सुश्री अपर्णा कुमार ने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
ज्ञातव्य है कि उत्तर प्रदेश कैडर की वर्ष 2002 बैच की भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी सुश्री अपर्णा कुमार ने 26,781 फीट ऊँची मनास्लु पर्वत चोटी पर 25 सितम्बर, 2017 को भारतीय समय के अनुसार पूर्वान्ह 10 बजे फतह हासिल की। माउण्ट मनास्लु दुनिया की आठवीं सबसे ऊंची चोटी है। उन्होंने पर्वत शिखर पर भारतीय तिरंगे के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के ध्वज को भी फहराया।
सुश्री अपर्णा कुमार 07 महाद्वीपों में से 06 महाद्वीपों की सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर फतह हासिल कर चुकी हैं। मई, 2016 में उन्होंने माउण्ट एवरेस्ट पर भी विजय पताका फहरायी थी। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वे अखिल भारतीय पुलिस सेवा की पहली महिला अधिकारी हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
