चामुंडा माताजी के मंदिर में दर्शन के लिए राहुल चढ़े 600 से अधिक सीढ़ियाँ


RDESController
राजकोट. कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे के अंतिम दिन बुधवार को सुरेन्द्रनगर जिले के चोटिला में एक पहाड़ी पर स्थित मशहूर चामुंडा माताजी के मंदिर में दर्शन के लिए 600 से अधिक सीढ़ियों पर पैदल ही चढ़ गये. 25 सितंबर को विश्व प्रसिद्ध हिन्दू तीर्थस्थल द्वारका के जगत मंदिर में भगवान द्वारकाधीश की पूजा और आरती के बाद से अपनी नवसर्जन गुजरात यात्रा के चुनावी अभियान को शुरू करने वाले राहुल गांधी सफेद कुर्ता पजामा पहने सुबह करीब सवा दस बजे राजकोट से चोटिला पहुंचे.
नवरात्रि के चलते वहां पहले से भक्तों की भीड़ होने के बावजूद बिना किसी को रोके वह अपने विशेष सुरक्षा गार्ड के साथ कुल 635 सीढियां मात्र 12 मिनट में चढ़ गये. ऊपर मुख्य महंत भभूतगिरी दौलतगिरी ने उन्हें पूजा और संकल्प कराया तथा वह करीब दस मिनट रहने के बाद फिर पैदल ही नीचे उतर गये.
  इसके बाद वह पाटीदार समुदाय की लेवुआ उपजाति के प्रमुख मंदिर कागवड स्थित खोडलधाम में भी गये और वहां उनकी प्रमुख देवी मां खोडल की पूजा की. कई राजनीतिक विश्लेषक उनकी इस चुनावी यात्रा के दौरान प्रमुख मंदिरों में दर्शन पूजा को गुजरात में दो दशक से सत्तारूढ बीजेपी के कथित हिन्दुत्व के एजेंडे की काट तथा कांग्रेस की छवि सुधारने के प्रयास के तौर पर देख रहे है.


Scroll To Top
Translate »