राहुल का मोदी पर हमला, कहा- नोटबंदी की वजह से देश के लाखों कारोबारियों के धंधे बंद


xrahulgandhi-12-1505198769.jpg.pagespeed.ic.TGzM9048Qo
अमेठी. आठ महीने बाद अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को तीखे हमले किए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को गुमराह कर रहे हैं. वे मेक इन इंडिया के नाम पर मेड इन चाइना को बढ़ावा दे रहे हैं. पिछले कई दिनों से अर्थव्यवस्था को लेकर अपनी ही पार्टी के नेताओं के निशाने पर चढ़ी मोदी सरकार पर राहुल ने भी जमकर वार किया. उन्होंने कहा कि नोटबंदी की वजह से देश के लाखों कारोबारियों के धंधे बंद हो गए. इसकी वजह से देश में लगातार बेरोजगारी बढ़ती जा रही है.
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि 24 घंटे में 30 हजार युवा रोजगार की तलाश में निकल रहे हैं. मोदी सरकार से सवाल पूछा कि प्रधानमंत्री ने दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, उसका क्या हुआ. वहीं देश की आजादी के बाद सबसे बड़े आर्थिक सुधार के तौर पर पेश किए जा रहे जीएसटी पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने गलत जीएसटी लागू किया. उनकी यूपीए गवर्नमेंट में तैयार जीएसटी के ड्राफ्ट में 18 प्रतिशत था और मोदी ने इसे 28 कर दिया.
उन्होंने कहा कि देश में किसान और रोजगार सबसे बड़े मुद्दे हैं. कांग्रेस ने मनरेगा और भोजन का अधिकार जैसे अहम काम किए हैं. कॉरपोरेट के इशारे पर मोदी सरकार पर किसानों की जमीन छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे किसानों की जमीन छीनने नहीं देंगे.
इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी दोपहर करीब तीन बजे चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे. यहां मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. एयरपोर्ट से वे अमेठी के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए. अमेठी जाने के दौरान वे बीच-बीच में लोगों से मुलाकात भी की. इससे पूर्व राहुल गांधी के दौरे को लेकर अमेठी प्रशासन ने अपने हाथ खड़े कर दिए थे. कांग्रेस उपाध्यक्ष के तय कार्यक्रम के बीच में मोहर्रम और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन व दशहरे के आयोजन की दलील के साथ सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए पुलिस बल न होने की बात कही थी. कांग्रेस जिला अध्यक्ष को अमेठी के डीएम ने राहुल गांधी का दौरा अन्य तारीखों में तय करने को कहा था. इस पर अमेठी और प्रदेश प्रशासन की खासी किरकिरी हुई थी. इसे देखते हुए बाद में राहुल गांधी के पहले से तय तीन दिवसीय दौरे को मंजूरी दे दी गई.


Scroll To Top
Translate »