
अयोध्या : माना जाता है कि त्रेता युग में 14 साल का वनवास काटकर और लंका विजय कर अयोध्या लौटे भगवान राम का जोरदार स्वागत किया गया था और राम की नगरी को दीपों से सजाया गया था। वहीं बीजेपी की भी यूपी की सत्ता में 14 साल बाद वापसी हुई है। इस लिहाज से भी यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और अयोध्यावासियों के लिए इस बार की दिवाली बेहद खास है। दिवाली मनाने के लिए सीएम योगी और गवर्नर राम नाइक बुधवार को अयोध्या पहुंचे।
भगवान राम, सीता और लक्ष्मण को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या के रामकथा पार्क पहुंचे। दिवाली के मौके पर भगवाग राम, सीता और लक्ष्मण हेलीकॉप्टर से अयोध्या पहुंचे। सीएम योगी और राम नाइक ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को माला पहनाई और आरती की।
श्री राम चंद्र कृपाल भजुमन हरण भव मय दारुणं की स्तुति और जय श्री राम के जय घोष के बीच सीएम योगी, गवर्नर राम नाइक, डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, डिप्टी सीएम केशव मौर्या, यूपी बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय समेत कैबिनेट के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और संतो ने आरती उतारी। इस दरम्यान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा हुई।
प्रतीकात्मक तौर पर श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया। महंत नृत्य गोपाल दास, अध्यक्ष राम जन्म भूमि अयोध्या, समेत मंच पर मौजूद संतो का सीएम और मंत्रियों ने शाल पहनकर अभिनंदन किया।

इस बार छोटी दिवाली के मौके पर सरयू घाट पर तिल के तेल से करीब 1.71 लाख दीप जलाए गए। सरयू तट पर राम घाट पार्क से सरयू घाट के बीच पड़ने वाले सभी नौ घाटों पर लाइटिंग की गई है। इसके अलावा लेजर शो के अलावा रामलीला का मंचन का कार्यक्रम हुआ। जिसके लिए थाईलैंड और श्रीलंका से भी कलाकार यहां पहुंचे हैं।
इस मौके पर योगी ने अयोध्या के समेकित विकास के लिए स्वदेश दर्शन योजना के तहत अयोध्या को 133 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास किया। सीएम योगी ने पीएम आवास योजना के तहत 10 लोगों को स्वीकृत पत्र दिया।इसमें 5 लोगों को प्रतीकात्मक स्वीकृत पत्र दिया।
108 लाभार्थियों को नि:शुल्क बिजली कनेक्शन दिया। सीएम योगी ने निराश्रित, महिलाओं और दिव्यांग बच्चों को वस्त्र, फल वितरित किया।
गौरतलब है कि यूपी की योगी सरकार ने बुधवार छोटी दिवाली (18 अक्टूबर) के मौके पर अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम की घोषणा की थी।
अयोध्या में साकेत महाविद्यालय से लेकर रामकथा पार्क तक सड़क के दोनों तरफ लाल झंडिया और लाइट लगाकर सड़कों को सजाया गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर जाने का संकेत है। अयोध्या ने दुनिया को मानवता का पाठ पढ़ाया। जो मानवता का रास्ता मजबूत करता हो इस अयोध्या ने दुनिया को वो सबकुछ दिया। अयोध्या ने रामराज्य दिया, जिसमें दुख और दरिद्रता का स्थान ना हो। अयोध्या क्यों उपेक्षित हुआ, क्यों लगातार नकारात्मक चर्चा का विषय बना। हमारा अभियान नकारात्मकता से सकारात्मकता से ले जाने का अभियान है। चार चरणों में ये कार्यक्रम पूरा होना है। अभी पहला चरण है।
देश अपनी आजादी के 70 साल पूरा कर चुका है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत को समर्थ और सशक्त भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ये प्रेरणा देता है कि जीवन तपकर ही बनता है और दीप जलकर ही रोशनी देता है। दिवाली का पर्व देश और दुनिया को अयोध्या ने दिया, लेकिन अयोध्या खुद उपेक्षित हो गई। अयोध्या लगातार प्रहार झेलने को मजबूर हुई।
देश-दुनिया में यूपी पर्यटन का हब बने उसकी शुरुआत अयोध्या से होने जा रही है। जिस गरीब के घर में आजादी के 70 साल बाद पीएम मोदी के प्रयास से बिजली आई है उसके लिए वही रामराज्य है।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या के बारे में देश और दुनिया के मन मे क्या है इसका सकारात्मक तस्वीर पेश करने के लिए जरूरी था। यूपी के हर कार्यक्रम को हम लोग एक नई ऊंचाइयां प्रदान करें। लोग अयोध्या के बारे में नकारात्मक चर्चा बंद करें। यह मानवता की धरती है। राम राज्य यही है। जिसके पास घर, रोजगार, बिजली हो उसके लिए वही राम राज्य है। हम नदियों की आरती क्यों कर रहे हैं। जिसकी पूजा करें उसके जैसा बनें। नदियों को स्वच्छ बनाएं।
सीएम योगी ने कहा कि हमारा नौजवान नारा लगा रहा है और तालियां बजा रहा है। यह कब तक चलेगा। एक समय उसे नौकरी और रोजगार चाहिए। इसके लिए जिम्मेदारी सरकार की है। सरकार आज आपके दरवाजे पर आई है। आपको त्रेता युग की स्मृतियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।सरकार ने अयोध्या को नगर निगम की मान्यता दी है। जितनी निगम की आबादी है आज उतने दीप जलेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि दुनिया के एक दर्जन देश हैं जहां के लोग रामलीला से प्रेरणा लेते हैं। थाईलैंड में सभी नेशनल हाईवे राम के नाम पर है। वहां का राजा कहता है कि राम हमारे पूर्वज थे। इंडोनेशिया सबसे बड़ा मुस्लिम देश है। वहां से जितने कलाकर हैं वह सब मुस्लिम हैं। उन लोगों ने कहा कि मुस्लिम हमारा धर्म है पर राम हमारे पूर्वज हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
