ऊंचाहार में NTPC प्लांट में बॉयलर का पाइप फटा, 10 की मौत, 100 से अधिक घायल


2017_11$largeimg01_Nov_2017_180727200

 

मुख्यमंत्री ने  मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की

 

लखनऊ : यूपी के रायबरेली जिले में ऊंचाहार स्थित संयंत्र में बॉयलर फटने से आज करीब दस लोगों की मौत हो गयी जबकि सौ से अधिक लोग घायल हुए है. अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आनंद कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन ने चार लोगों की मृत्यु की पुष्टि की है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. उन्होंने बताया कि 40 से 50 लोग झुलस गये हैं. जिनमें कुछ की हालत गंभीर है. आनंद कुमार ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए निकट के अस्पताल ले जाया जा रहा है.

 
हालांकि मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी में 500 मेगावॉट की यूनिट नंबर 6 के बॉयलर का स्टीम पाइप फटने से अब तक दस मजदूरों की मौत होने की खबर है. इस दर्दनाक हादसे में 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना मिल रही है. गौर हो कि रायबरेली जिले की ऊंचाहार तहसील राजधानी लखनऊ से 110 किलोमीटर दूर है. आनंद कुमार ने बताया कि उपलब्ध सभी एंबुलेंस मौके पर भेजी गयी हैं. अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर हैं और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं. इससे पहले पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने बताया कि आरंभिक रिपोर्ट के मुताबिक शाम हुए विस्फोट में 50 से 60 लोग घायल हुए हैं.

 
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत बचाव कार्य के लिए आवश्यक कदम उठाने का आदेश दिया है. वह इस समय मॉरीशस की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं. मुख्यमंत्री के साथ यात्रा पर गये प्रमुख सचिव (सूचना) अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ऊंचाहार की घटना का संज्ञान लिया है और प्रमुख सचिव (गृह) से सुनिश्चित करने को कहा है कि राहत और बचाव के सभी आवश्यक कदम उठाये जाएं.

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है. गंभीर रूप से घायलों को पचास-पचास हजार रुपये तथा अन्य घायलों को पच्चीस-पच्चीस हजार रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.

रायबरेली के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ हो गये और घायलों को निकट के अस्पतालों में ले जाया जा रहा है. विस्फोट से संयंत्र में कार्य कर रहे कर्मचारियों में अफरातफरी मच गयी. जिला प्रशासन के अधिकारी एंबुलेंस के साथ संयंत्र पहुंचे हुए हैं और उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से घायलों का त्वरित उपचार करने को कहा है.

उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने ऊंचाहार हादसे में अनेक लोगों के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है. राजभवन के एक प्रवक्ता के मुताबिक राज्यपाल ने हादसे को दु:खद बताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है.

वहीं, जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने बताया कि 40 एंबुलेंसों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया हैं. रायबरेली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डीके सिंह दस डाक्टरों की टीम के साथ मौके पर हैं ताकि घायलों का तत्काल उपचार किया जा सके. सिंह ने बताया कि गंभीर रुप से घायलों को लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल एवं सिविल अस्पताल ले जाने के इंतजाम कर दिये गये हैं. खत्री ने बताया कि कुछ घायलों को रायबरेली लाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि आवश्यक हुआ तो गंभीर रूप से घायल लोगों को एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा जा सकता है.

इस बीच एनटीपीसी ने एक बयान में कहा कि 500 मेगावाट इकाई के बॉयलर में यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना घटी. जिला प्रशासन के साथ मिलकर बचाव कार्य जारी हैं. घायलों को आसपास के अस्पतालों में ले जाया जा रहा है. बयान में बताया गया कि एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं.


Scroll To Top
Translate »