मुख्यमंत्री ने अस्पतालों का भ्रमण कर ऊंचाहार के हादसे में घायल श्रमिकों के उपचार की जानकारी ली


PRESS (4)

डाॅक्टरों को घायल श्रमिकों के समुचित उपचार के निर्देश
लखनऊ:    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने आज यहां विभिन्न अस्पतालों का भ्रमण कर एन0टी0पी0सी0, ऊंचाहार, रायबरेली के हादसे में घायल श्रमिकों के उपचार के सम्बन्ध में चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रत्येक अस्पताल में एक-एक घायल श्रमिक का हाल लिया और डाॅक्टरों को सभी घायल श्रमिकों के समुचित उपचार के निर्देश भी दिए।
अपनी माॅरिशस यात्रा के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचते ही मुख्यमंत्री  सीधे एस0जी0पी0जी0आई0 गये। जहां उन्होंने इलाज के लिए भर्ती घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य लाभ की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद वे डाॅ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय तथा के0जी0एम0यू0 के ट्राॅमा सेण्टर भी गए। इन अस्पतालों में भी दुर्घटना में घायल हुए श्रमिकों का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री जी ने एन0टी0पी0सी0 के अधिकारियों से भी वार्ता की।
ज्ञातव्य है कि जनपद रायबरेली के ऊंचाहार स्थित नेशनल थर्मल पावर काॅर्पोरेशन (एन0टी0पी0सी0) के पावर प्लाण्ट में गत बुधवार को हुई दुर्घटना में कई श्रमिकों की मृत्यु हो गई थी तथा बड़ी संख्या में श्रमिक घायल हो गए थे। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री  ने राहत एवं बचाव के सम्बन्ध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री द्वारा घायल श्रमिकों के सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज किए जाने के निर्देश भी दिए गए थे।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री आशुतोष टण्डन, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डाॅ0 रजनीश दुबे, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्री प्रशान्त त्रिवेदी एवं प्रमुख सचिव सूचना श्री अवनीश कुमार अवस्थी उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »