AAP का ऐलान: संजय सिंह, सुशील और एनडी गुप्ता जाएंगे राज्यसभा


बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर हुई आप की पीएसी बैठक में इन तीनों नामों पर सहमति बनी। बैठक में उपस्थित 9 सदस्यों में 8 ने इन तीनों नामों पर सहमति जतायी। इस ऐलान के साथ ही कुमार विश्वास और आशुतोष के नाम पर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है।

सिसोदिया ने कहा कि राज्यसभा उम्मीदवारों को लेकर 18 बड़े लोगों के नामों पर विचार किया गया था। सभी 18 लोगों ने राज्यसभा में जाने से मना किया। लोगों ने कहा कि हम पार्टी के साथ हैं लेकिन अगर हम पार्टी के टिकट पर राज्यसभा चले गए तो केंद्र सरकार सारी मशीनरी हमारे पीछे ही लगा देगी।’

संजय सिंह आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता हैं। जबकि दो अन्य बाहरी हैं। एनडी गुप्ता पार्टी के सीए हैं और सुशील गुप्ता कई चेरिटबल ट्रस्ट चलाते हैं।

गौरतलब है कि दिल्ली की तीन सीटों पर राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 27 जनवरी को खत्म हो रहा है। पांच जनवरी को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। दिल्ली से राज्यसभा की तीन सीटों पर 16 जनवरी को चुनाव होना है।

दिल्ली में पार्टी के पास 70 में से 67 सीटें हैं, इसलिए तीनों उम्मीदवारों का चुना जाना तय है।
राज्यसभा चुनाव में टिकट कटने पर कुमार विश्वास ने पार्टी नेतृत्व पर जमकर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शहादत स्वीकार करता हूं। मुझे सच बोलने की सजा मिली।

कुमार विश्वास ने कहा कि राज्यसभा के लिए चुने गए तीनों साथियों को मैं बधाई देता हूं। अरविंद को पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। शानदार चयन किया गया और कार्यकर्ताओं की बात सुनी गई। केजरीवाल ने कहा था कि आपको मारेंगे पर शहीद नहीं होने देंगे, मैं उनको बधाई देता हूं और अपनी शहादत स्वीकार करता हूं। सबको लड़नी है अपनी लड़ाई, सबको लड़ने हैं अपने युद्ध चाहे राजा राम हों या गौतम बुद्ध। हम सबको अपने-अपने संघर्ष लड़ने हैं। आशा करता हूं पार्टी और आंदोलन के आदर्शों को आगे ले जाया जाएगा।


Scroll To Top
Translate »