बीजेपी का पलटवार, कहा-वीवीआईपी लायक नहीं राहुल गांधी


rahul-gandhi-in-republic-day-paredjpg
नई दिल्ली. गणतंत्र दिवस परेड के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को छठी कतार में बैठाए जाने का विवाद थम नहीं रहा है. कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि ये उनकी मेहरबानी है कि उन्हें वीवीआईपी गैलरी में जगह दी. शनिवार को बीजेपी के प्रवक्ता नरसिम्हा राव ने कहा कि वीआईपी एरिया में बैठने लायक नहीं है राहुल गांधी. इसके बावजूद उन्होंने उन्हें यह सम्मान दिया. हालांकि नरसिम्हा राव ने इसको लेकर नियम व परंपराओं की भी दलील दी.
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र गायब नजर आता है. बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि देश उनके परिवार और वंश के नाम पर चलेगा. यह लोकतंत्र के खिलाफ वाली मानसिकता है. उन्होंने कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे ओछी राजनीति के आरोप के जवाब में कहा कि बीजेपी नहीं कांग्रेस ऐसा करती है. बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि विरोधी दलों को सम्मन देना उनकी पार्टी की संस्कृति में शामिल है. कांग्रेस ने अपनी सरकार के समय में उनकी पार्टी के अध्यक्षों को ये इज्जत नहीं बख्शी.
बता दें कि गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित परेड को लेकर राजपथ पर मेहमानों के सिटिंग अरेंजमेंट में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जगह पिछली कतार में तय की गई थी. इसको लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर ओछी राजनीति करने का आरोप मढ़ा था. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इसे अहंकारी शासकों के तमाम परंपराओं को दरकिनार किया जाना करार दिया था.
उन्होंने कहा था कि पहले चौथी पंक्ति और फिर छठी पंक्ति में जानबूझकर राहुल गांधी को बिठाया गया. हालांकि राहुल गांधी के छठी कतार में बैठाए जाने को लेकर सुरक्षा कारणों को बताया जा रहा है. जबकि बीजेपी ने कांग्रेस नेताओं को यूपीए के शासन की याद दिलाई है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि यूपीए के दौरान बीजेपी अध्यक्षों को वीआईपी मेहमानों के साथ भी जगह नहीं दी जाती थी.


Scroll To Top
Translate »