
लखनऊ । जनपद कासगंज में तिरंगा झण्डा यात्रा निकाले जाने के दौरान अराजक तत्वों द्वारा युवक की गोली मारकर की गयी सरेआम हत्या ने प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। गणतंत्र दिवस के दिन भी प्रदेश सरकार आपसी सौहार्द को बनाये रखने में असफल रही है। एक तरफ जहां प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है वहीं भारतीय जनता पार्टी आगामी चुनावों को देखते हुए प्रदेश को धु्रवीकरण की ओर एक बार पुनः ले जाने का कुत्सित प्रयास कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजबब्बर, ने युवक की हत्या पर शोक संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि यदि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहता तो इस दुःखद घटना को रोका जा सकता था। उन्होने कहा कि प्रदेश में जबसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आयी है तबसे पूरा प्रदेश का अराजकता और जंगलराज की आग में जल रहा है। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में लूट, हत्या, बलात्कार, डकैती जैसी जघन्य घटनाओं में बाढ़ आ गयी है। लखनऊ में लगातार जिस प्रकार डकैती और हत्या की घटनाएं हो रही हैं तथा मेरठ में अभी एक दिन पूर्व मुकदमें में गवाही देने से रोकने के लिए बेटे और मां की घर में घुसकर हत्या कर दी गयी। यह घटनाएं प्रदेश सरकार के माथे पर कलंक है। जब मुख्यमंत्री की नाक के नीचे हत्याएं हो रही हैं, डकैतियां हो रही हैं तो प्रदेश के अन्य जनपदेां के हालात का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलन्द हैं कि जब जहां चाहते हैं घटना को अंजाम देते हैं और प्रदेश की पुलिस अपराधियों का सुराग लगा पाने में असफल रहती है। अपराधी जहां थानेां में घुसकर पुलिस पर हमला करने से नहीं चूक रहे हैं वहीं जनप्रतिनिधियों पर हमला एवं हत्याएं करके आसानी से खुलेआम घूम रहे हैं।
श्री राजबब्बर ने कहा कि लेाकतंत्र में किसी भी चुनी हुई सरकार की प्रथम प्राथमिकता प्रदेश की जनता को सुरक्षा प्रदान करना है जिसमें प्रदेश की योगी सरकार विफल साबित हुई है। ऐसा लगता है कि प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो चुका है। प्रदेश की जनता भयमुक्त के बजाय ‘भययुक्त’ वातावरण में जीने के लिए मजबूर है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश की गिरती हुई कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलकर दो दिन पूर्व ही राज्यपाल से अपनी चिंता जता चुके हैं। फिर भी येागी सरकार कानून व्यवस्था से सम्बन्धित मुद्दांे पर अपनी आंखे मूंदे हुए है जिससे अपराधियों के हौसले और बुलन्द हो रहे हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
