
मुकदमे के विवेचक क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज राजेश पांडेय ने पुरानी करेंसी बरामद होने के मामले में 16 आरोपियों में से 10 को रिमांड पर लेने की अर्जी शनिवार को कोर्ट में दाखिल की थी। रिमांड पर सुनवाई के लिए सीएमएम शबिस्ता आकिल की कोर्ट में दोपहर करीब 12:30 बजे आरोपी आनंद खत्री, संजय कुमार, अनिल यादव, संजय कुमार सिंह, संजीव अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, कुटेश्वर राव, अली हुसैन, संतोष कुमार यादव और मोहित ढिंगरा को पेश किया गया। दोपहर करीब तीन बजे सीएमएम कोर्ट ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए 10 आरोपियों को मंगलवार शाम पांच बजे तक की 26 घंटे की रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
कोर्ट में सुनवाई पूरी होने के बाद सीओ कर्नलगंज सभी आरोपियों को लेकर बाहर निकले तभी अधिवक्ताओं ने आरोपियों को घेर लिया और देशद्रोही बताते हुए चेहरे पर स्याही पोत दी। सभी आरोपियों को कोर्ट के बाहर पीटते हुए फांसी की सजा देने की मांग की। कोर्ट के बाहर काफी हो-हल्ला मचने पर पुलिस ने अधिवक्ताओं से बचाते हुए आरोपियों को कोर्ट के अंदर ही छिपा लिया। तत्काल भारी पुलिस फोर्स कचहरी बुलाई गई। सीओ कर्नलगंज ने फोन पर एसएसपी को सूचना दी। उधर, जानकारी होने पर बार एसोसिएशन महामंत्री भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। उन्होंने अधिवक्ताओं को किनारे कर आरोपियों को बाहर निकाला। पुलिस पीछे के रास्ते से सभी आरोपियों को रिमांड पर ले गई।
https://rashtriyadinmaan.com
