
नई दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का मेघालय के तुरा जाकर अपनी पार्टी की सियासी बिसात बिछाने का मंसूबा पूरा नहीं हो सका. दौरे के लिए मुहैया कराए गए चॉपर ने उनके इस मंसूबे पर पानी फेर दिया. राहुल गांधी को दौरे के लिए दिए गए 20 साल पुराने इस हेलीकॉप्टर पर एसपीजी की आपत्ति के बाद यह दौरा रद्द कर दिया गया.
विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद से ही पूर्वोत्तर में राजनीतिक माहौल सरगर्म है. बीजेपी और कांग्रेस इन राज्यों की सत्ता को लेकर पूरी ताकत झोंक रही हैं. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के चुनावी अभियान में पैनापन लाने के लिए 30 जनवरी से दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचने वाले थे. राहुल गांधी को मेघालय के तुरा के दौरे पर जाने के लिए बकायदा हेलीकॉप्टर भी मुहैया कराया गया. लेकिन, एसपीजी ने इस हेलीकॉप्टर को राहुल गांधी की सुरक्षा के मानकों पर खरा नहीं पाया. 20 साल पुराने इस चॉपर को सुरक्षित न मानते हुए एसपीजी ने आपत्ति की. एसपीजी की इस आपत्ति के बाद राहुल गांधी का मेघालय के तुरा का दौरा कैंसिल कर दिया गया.
बता दें कि पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में चुनाव की तारीखों का चुनाव आयोग ऐलान कर चुका है. मेघालय और नगालैंड के अलावा त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव होने हैं. मेघालय में 27 फरवरी को मतदान होना है और तीनों राज्यों के चुनाव नतीजे तीन मार्च को घोषित किए जाएंगे.
https://rashtriyadinmaan.com
