दिल्ली सरकार के अस्पतालों में अब ‘आम आदमी हेल्थ कार्ड’ के जरिए होगा इलाज


सरकार ने दिल्लीवालों के लिए ‘आम आदमी हेल्थ कार्ड योजना शुरू की है। करीब 1.80 करोड दिल्लीवालों के लिए यह कार्ड जारी किया जाएगा। यह कार्ड किसी एंजेसी से बनवाया जाएगा। नौ माह में यह काम पूरा कर लिया जाएगा। लोगों को कार्ड के लिए कोई कीमत नहीं चुकानी होगी। आधार कार्ड वेरिफेकेशन के बाद कार्ड जारी कर दिया जाएगा। वहीं, 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कार्ड लेने के वोटर कार्ड अनिवार्य होगा।

सरकारी अस्पतालों में दिल्ली के बाहर से भी काफी संख्या में लोग इलाज के लिए आते हैं। इस वजह से स्थानीय लोगों को भी लाइन में लगना पड़ता है। अब ‘आम आदमी हेल्थ कार्ड से उनकी यह समस्या दूर हो जाएगी। सरकार के सभी मोहल्ला क्लीनिक, पॉलिक्लिनिक और 37 सरकारी अस्पतालों में यह कार्ड लागू होगा। कार्डधारक को ओपीडी में प्राथमिकता दी जाएगी। ओपीडी के साथ-साथ कार्डधारक को जांच और ऑपरेशन में भी प्राथमिकता होगी। साथ ही, सरकार की सभी योजनाओं का लाभ कार्डधारक को दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें अलग से कोई कागजात जमा कराने की जरूरत नहीं होगी।

मुफ्त जांच, ऑपरेशन और दुर्घटना योजना

दिल्ली सरकार ने बीते दिनों स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी योजनाएं लागू की थी। सड़क हादसे में घायल होने पर पीड़ित का इलाज सरकार कराएगी। वहीं, कई तरह की सर्जरी और जांच को मुफ्त कर दिया गया है। सरकारी अस्पतालों में ऑपरेशन के लिए समय मिलने में सबसे ज्यादा दिक्कत होती थी। सरकार ने योजना लागू की है कि एक माह से अधिक की वेटिंग मिलने पर मरीज के निजी अस्पताल में ऑपरेशन का खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। इन सभी योजनाओं में ‘आम आदमी हेल्थ कार्ड लागू होगा।

कार्ड के लिए जरूरी

– 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए वोटर कार्ड अनिवार्य

– 1 वर्ष से ज्यादा उम्र के लिए आधार कार्ड

– आधार कार्ड सभी के लिए जरूरी

– ऑनस्पॉट आधार कार्ड वेरिफिकेशन की सुविधा

कार्ड का लाभ

– ओपीडी में मिलेगी कार्ड धारक को प्राथमिकता

– सरकारी अस्पताल, मोहल्ला क्लीनिक, पॉलिक्लीनिक में लागू

– सरकार की सभी हेल्थ पॉलिसी का लाभ

– मुफ्त सर्जरी और मुफ्त चेकअप के लिए मान्य


Scroll To Top
Translate »