
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी में डिफेंस इंडस्ट्रियल कारीडोर बनाने की घोषणा की है। यह कारीडोर आगरा, अलीगढ़, लखनऊ, कानपुर और झांसी होते हुए चित्रकूट तक जाएगा। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र को खासा लाभ होगा। इसमें करीब 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा और 2.5 लाख लोगों को रोजगार का मौका मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश-विदेश के उद्यमियों के महा मेले ‘यूपी इन्वेस्टर्स समिट-2018’ का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जब परिवर्तन होता है तो सामने दिखने लगता है। उत्तर प्रदेश में इतने व्यापक स्तर पर इन्वेस्टर्स समिट का होना, इतने सारे उद्यमियों का एकजुट होना अपने आप में एक बहुत बड़ा परिवर्तन है। इस समिट से यूपी के विकास की बुनियाद तैयार हो रही है। इस पर ‘न्यू उत्तर प्रदेश’ की भव्य और दिव्य इमारत का निर्माण होगा।’
पीएम ने दिग्गज उद्योगपतियों मुकेश अम्बानी, गौतम अडानी, आदित्य बिड़ला, एम चन्द्रशेखरन, रशेश शाह, आनन्द महिन्द्रा, सुभाष चन्द्रा की मौजूदगी में कहा कि यूपी के सभी ग्राम पंचायतों में आप्टिकल फाइबर से जुड़ जाने पर यहां का हर गांव पूरी दुनिया के संपर्क में आ जाएगा।
मोदी ने उत्तर प्रदेश के समृद्ध संसाधनों की तुलना ‘कोस-कोस में बदले पानी सोलह कोस में वाणी’ कहावत से की और मलिहाबाद के आम, भदोही के कालीन, बनारस की जरदोजी, मुरादाबाद का पीतल, फिरोजाबाद का कांच, आगरा का पेठा, कन्नौज का इत्र की चर्चा की। कहा, अयोध्या में राम की लीला तो मथुरा की कृष्ण का रास है। गंगा यमुना और सरयू जैसी पवित्र नदियां हैं। कानपुर आईआईटी है तो लखनऊ का आईआईएम हैं तो वाराणसी में बीएचयू भी है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल और बुन्देलखण्ड का औद्योगिकीकरण तेजी से होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब सवाल यह है कि आगे क्या करना है। क्या यूपी अपने सामर्थ्य से पूरा न्याय कर पा रहा है। उत्तर प्रदेश में वैल्यूज हैं, वरच्यूज हैं, लेकिन अब बदले समय में वैल्यू एडीशन की भी ज्यादा जरूरत है। सिर्फ वर्क कल्चर, सिर्फ बिजनेस कल्चर में नहीं बल्कि हर क्षेत्र में वैल्यू एडीशन करना होगा। यूपी की जो ‘कोर स्ट्रेंथ’ है, उसमें वैल्यू एडीशन की बहुत जरूरत है। योगी सरकार इसका ध्यान रखकर निर्णय ले रही है और नीतियां बना रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर में तीन हवाई अड्डे पहले से हैं। अब कुशीनगर और जेवर में दो नए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने का काम शुरू हो रहा है। उड़ान योजना के तहत आगरा, कानपुर, इलाहाबाद, बरेली, झांसी, चित्रकूट, मुरादाबाद, अलीगढ़ और आजमगढ़ जैसे 11 शहरों में हवाई अड्डों को विकसित किया जा रहा है। जल्द ही इन शहरों में भी हवाई उड़ान की सुविधा उपलब्ध होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका सपना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में सफर करे। यूपी की परफार्मेंस की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साल यूपी से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की तादाद 30 प्रतिशत बढ़ी है। उन्होंने कहा कि ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कारीडोर बन जाने पर इस प्रदेश के विकास में उछाल आएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी को नकारात्मकता के माहौल से सकारात्मकता की तरफ लाना, हताशा और निराशा से उसे अलग कर उम्मीद की किरण जगाने का काम योगी आदित्यनाथ की सरकार ने किया है।
प्रधानमंत्री ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के कामों की तारीफ करते हुए कहा कि इस राज्य में अब उद्यमियों के लिए रेड टेप (लाल फीताशाही) नहीं , उनके लिए रेड कारपेट (भव्य स्वागत) होगा।
https://rashtriyadinmaan.com
