केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बुआ, भतीजा और पिता जी ने जितना काम डेढ़ दशक में नहीं कराया, उतना उनकी सरकार ने एक साल के दौरान कर दिखाया है


b45b3c324218b2854e1385fa7844709c_M
लखनऊ. गाजियाबाद में एलिवेटेड रोड के काम का क्रेडिट लेने को लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार किया है. शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर उन्होंने अखिलेश यादव के उन आरोपों का भी करारा जवाब दिया, जिसमें उन्होंने उनकी सरकार के काम में केंद्र के रोड़े अटकाने की बात कही थी. डिप्टी सीएम ने कहा कि गोमती रिवरफ्रंट के लिए उन्होंने एनओसी कब ली थी, इसका सबूत दिखाएं.
प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा-बीएसपी की सरकारों के 15 साल के कार्यकाल में जो काम कराए गए, उनका रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है. उन्होंने अखिलेश यादव के साथ ही उनके पिता मुलायम सिंह व बीएसपी चीफ मायावती पर भी निशाना साधा. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बुआ, भतीजा और पिता जी ने जितना काम डेढ़ दशक में नहीं कराया, उतना उनकी सरकार ने एक साल के दौरान कर दिखाया है.
डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह अब प्रदेश के सीएम नहीं हैं, वे दिन में सपने देखने बंद कर दें. उन्होंने कहा कि अखिलेश ने अपनी सरकार के दौरान जो काम कराये थे तो उसका पैसा सैफई से लेकर नहीं आए थे. यह सारा पैसा प्रदेश की जनता का था. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हर योजना का क्रेडिट लेने को लेकर अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था तो उसे अधूरा क्यों छोड़ दिया था? अब जब एलिवेटेड रोड का इनॉगुरेशन हुआ तो फिर उनके पेट में दर्द होने लगा. उन्होंने कहा कि सरकार इन प्रोजेक्ट के अधूरा छोड़े जाने की वजहों के प्रमाण जुटा रही है.
डिप्टी सीएम ने सपा नेता आजम खान की जांच को लेकर अखिलेश के बयान पर कहा कि किसी मामले में उनके चचा दोषी पाए गए हैं तो उन्हें किस बात की तकलीफ है? उन्होंने सपा के साथ बसपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की राजनीति में अपराधीकरण का जन्म इन्हीं की कोख से हुआ है.
प्रदेश की राजधानी में आंदोलन कर रहे शिक्षामित्रों के सवाल डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश सरकार ने शिक्षामित्रों के साथ धोखा किया. उनकी सरकार की सहानुभूति शिक्षामित्रों के साथ है और कोर्ट से फैसला आने के बाद एक महीने के अंदर इसका समाधान किया जाएगा.


Scroll To Top
Translate »