
नोएडा । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल आज सिटी मजिस्ट्रेट से मिला एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय कोषाध्यक्ष नरेश कुच्छल ने कहा किराज्य सरकार की राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) द्वारा पूरे पश्चिमी प्रदेश मे सीमेंट, सरिया, पेंट एवं अन्य खाद्य पदार्थो का व्यापार करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। जिसके अंतर्गत अन्य जिलों सहित गौतम बुद्ध नगर मे भी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर छापे मार कर अनावश्यक कार्यवाही कर व्यापारियों को टैक्स चोरी का भय दिखाकर उत्पीड़न किया जा रहा है।
उपरोक्त कर चोरी के संदर्भ मे उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल नोएडा इकाई सहित नोएडा डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन द्वारा कई बार राज्य वस्तु एवं सेवा कर विभाग को सूचित किया जाता रहा है । जीएसटी विभाग द्वारा जो व्यापारी इस तरह की मांग करते हैं उन्ही को चिन्हित कर उनकी माल की गाड़ियों को पकड़ कर कागजों में कमी निकाल टैक्स चोरी का भय दिखाकर जुर्माना एवं सुविधा शुल्क वसूल रहा है । टैक्स चोरी करने वाले व्यापारी निकटवर्ती राज्यों से माल चोरी छुपे नोएडा मे ला रहे हैं उन पर कार्यवाही नही की जाती जबकि सर्वप्रथम ऐसी गाड़ियों को पकड़ा जाना चाहिये परन्तु विभाग के अधिकारियों की साठ-गांठ के कारण यह संभव नही हो पा रहा है। भ्रष्टाचारी अधिकारी सुविधा शुल्क ले कर ऐसे लोगों पर कार्यवाही करने के बजाय उचित टैक्स भरने वाले व्यापारियों पर कार्यवाही कर उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। नोएडा के निकट दिल्ली राज्य से व्यापारी अपना माल सुविधा शुल्क के माध्यम से उत्तर प्रदेश मे लाने मे सफल हो जाते हैं जिनका अधिकतर माल नोएडा, गाजियाबाद,ग्रेटर नोएडा, हापुड़ मे बेचा जाता है क्योंकि यह टैक्स चोरी का माल स्थानीय व्यापारी द्वारा बेचे जाने वाले माल से सस्ता होता । जिससे प्रदेश सरकार को जीएसटी के माध्यम से मिलने वाले राजस्व की हानि होती है।
अतः उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल आग्रह करता है कि टैक्स चोरी करने वालों को चिन्हित कर उचित कार्यवाही एवं जुर्माना लगाया जाए परन्तु सही कार्य करने वाले व्यापारियों का उत्पीड़न तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए जिससे जिले के व्यापारियों मे भय का माहौल समाप्त हो सके ।
इस अवसर पर महामंत्री दिनेश महावर, उपाध्यक्ष गौरव सिंघल, वरिष्ठ महामंत्री राजकुमार गोयल, महामंत्री संदीप चौहान, महामंत्री मनोज भाटी, निखिल गुप्ता, चैयरमैन रामावतार सिंह सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
